Ticker

6/recent/ticker-posts

खबर का असर: रेलवे अंडरब्रिज क्रमांक 60 में जलभराव की समस्या पर रेलवे ने की तत्काल कार्रवाई

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
समाचार प्रकाशन के बाद जागा रेलवे प्रशासन, अंडरब्रिज में डाली गई डस्ट-गिट्टी, पानी निकासी की व्यवस्था में सुधार

अनूपपुर ।बिलासपुर-कटनी रेल मार्ग स्थित रेलवे अंडरब्रिज क्रमांक 60 में बारिश के दौरान तीन फीट तक पानी भरने और इसके चलते आसपास के 15-20 गांवों के ग्रामीणों को हो रही परेशानी से संबंधित खबर के प्रकाशन के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया है। रेलवे द्वारा अंडरब्रिज में आवागमन को सुचारु बनाने तथा जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दैनिक समाचार पत्र  में प्रकाशित खबर में अंडरब्रिज क्रमांक 60 में जलभराव के कारण हर्री, बर्री, भगतबांध, सेन्दुरी, चरतरिहा, बिजौड़ी, जल्दा टोला, पसला, मयटोला, मौहरी, अमगवां, महुदा, चांदपुर, छकाड़िया सहित करीब 15 से 20 गांवों के ग्रामीणों को हो रही परेशानी को प्रमुखता से उठाया गया था। खबर में यह भी बताया गया था कि अंडरब्रिज में पानी भर जाने के कारण ग्रामीणों को मजबूरी में रेलवे ट्रैक पार करना पड़ता है, जिससे किसी गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।


*खबर प्रकाशित होते ही रेलवे ने लिया संज्ञान*


समाचार के प्रकाशन के बाद रेलवे प्रशासन द्वारा मौके की स्थिति का संज्ञान लेते हुए अंडरब्रिज में आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराया गया। जलभराव से प्रभावित मार्ग पर डस्ट/गिट्टी डालकर रास्ते को समतल एवं आवागमन योग्य बनाने का प्रयास किया गया, जिससे राहगीरों और ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी कम हो सके।
इसके साथ ही पानी की निकासी की व्यवस्था में भी सुधार किया गया है, जिससे बारिश का पानी अंडरब्रिज में लंबे समय तक जमा न रहे। कार्रवाई के बाद मौके की स्थिति में पहले की अपेक्षा सुधार दिखाई दे रहा है।


*ग्रामीणों को मिली तत्काल राहत*


रेलवे की इस कार्रवाई से अंडरब्रिज से आवागमन करने वाले ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह समय-समय पर अंडरब्रिज की निगरानी कर जल निकासी और सड़क की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए तो बरसात के दिनों में होने वाली परेशानी से काफी हद तक बचा जा सकता है।


*स्थाई समाधान की मांग*                 

ग्रामीणों ने समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करने और रेलवे प्रशासन द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई किए जाने पर संतोष व्यक्त किया है। हालांकि ग्रामीणों की मांग है कि जलभराव की समस्या का स्थायी तकनीकी समाधान भी किया जाए, ताकि हर बारिश में अंडरब्रिज में पानी भरने की स्थिति दोबारा निर्मित न हो।


फोटो में दिखा *कार्रवाई के बाद का बदलाव*


खबर के असर के बाद अंडरब्रिज क्रमांक 60 में रेलवे द्वारा की गई कार्रवाई और मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के प्रयास की तस्वीर सामने आई है। तस्वीर में अंडरब्रिज के प्रवेश मार्ग पर डाली गई डस्ट/गिट्टी तथा पानी निकासी की व्यवस्था में किए गए सुधार को देखा जा सकता है।
ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से उठाने के बाद रेलवे प्रशासन की त्वरित कार्रवाई को क्षेत्रवासियों ने सकारात्मक पहल बताया है।


Post a Comment

0 Comments