Ticker

6/recent/ticker-posts

महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गन्ना, शक्कर और गैस सिलेंडर लेकर सड़क पर उतरे कांग्रेसी

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
जीतू पटवारी के निर्देश पर बुढ़ार में निकला पैदल मार्च, भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

बुढ़ार । बढ़ती महंगाई और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार, 27 अगस्त को बुढ़ार में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आयोजित प्रदेशव्यापी प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बुढ़ार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गन्ना, शक्कर, गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल सहित महंगाई से जुड़ी वस्तुओं को हाथ में लेकर मुख्य मार्ग पर पैदल मार्च निकाला।

प्रदर्शन की शुरुआत एचपी पेट्रोल पंप से हुई, जहां से कांग्रेस कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए नेहरू डिग्री कॉलेज तक पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “भाजपा मुर्दाबाद”, “शक्कर के दाम कम करो”, “गैस के दाम कम करो”, “बिजली के दाम कम करो” और “E-20 पेट्रोल बंद करो” जैसे नारों से मुख्य मार्ग गूंजता रहा।

कांग्रेस ने प्रदर्शन के माध्यम से महंगाई के मुद्दे को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों ने आम परिवार की रसोई और घरेलू बजट को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शक्कर, E-20 पेट्रोल, बिजली बिल और गैस सिलेंडर को प्रतीकात्मक विरोध का माध्यम बनाया गया था।

गन्ने से एथनॉल और पेट्रोल में मिश्रण को लेकर उठाए सवाल

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंकित सिंह ने कहा कि महंगाई का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों के कारण आम जनता को एक साथ कई मोर्चों पर आर्थिक दबाव झेलना पड़ रहा है।

अंकित सिंह ने कहा कि कांग्रेस के अनुसार गन्ने का इस्तेमाल एथनॉल उत्पादन में बढ़ने तथा पेट्रोल में उसके मिश्रण से वाहनों के एवरेज और रखरखाव को लेकर उपभोक्ताओं की चिंताएं बढ़ी हैं। उन्होंने दावा किया कि दूसरी ओर गन्ने की उपलब्धता और शक्कर की कीमतों को लेकर भी आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि आज शक्कर की बढ़ी कीमतों का सीधा असर आम परिवार की रसोई पर पड़ रहा है और जनता को दोहरी महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि महंगाई केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि आम परिवार के रोजमर्रा के जीवन से जुड़ा गंभीर सवाल है। जब तक आम आदमी को महंगाई से राहत नहीं मिलती, तब तक कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में पूर्व जिला कार्यवाहक अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी बलमीत सिंह खनूजा, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राम सजीवन शर्मा, यशोदा सिंह, राम सिंह, सुजीत सिंह चंदेल, इबरार खान, संतोष सिंह सेंगर, नौशेरमा खान, रामेश्वर गौतम, सनाउल्ला खान, अजय सिंह बघेल, मो. आजाद, अशोक सिंह, अरविंद नायक, मनोज जैन, ओंकार सिंह, पुरुषोत्तम नापित, दीपक चौधरी, पार्षद मोहन बैगा, कमलेश कोल, एसपी सिंह एडवोकेट, इकबाल, अतिराज सिंह, दिलीप सोनी, जुल्फिकार, उमेश यादव, आरिफ अफरीदी, अनुज सिंह, मो. रियाज, विष्णु तिवारी, प्रकाश वर्मा, सुरेश सरौते, राम नरेश कोल, शिवम कोल, सुशील पटेल, साहिल रौतेल, रतन पाव, भिखम खोल, दुखई पाव, घनश्याम, लोकेश्वर सिंह, रज्जु बैगा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदर्शन का उद्देश्य सरकार का ध्यान महंगाई से प्रभावित आम जनता की समस्याओं की ओर आकर्षित करना है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि रसोई गैस से लेकर शक्कर, बिजली और पेट्रोलियम उत्पादों तक बढ़ती कीमतों ने घरेलू बजट को प्रभावित किया है, इसलिए सरकार को तत्काल राहत देने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।


Post a Comment

0 Comments