रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
चचाई पुलिस की कार्रवाई, 1.20 लाख रुपये कीमत के टायर बरामद; वारदात में इस्तेमाल सामान भी जब्त
अनूपपुर-चचाई। थाना चचाई पुलिस ने ट्रक के चार टायर रिम सहित चोरी किए जाने के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चारों टायर रिम सहित बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया।
पार्किंग से चोरी हुए थे ट्रक के चार टायर
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को नरेन्द्र शर्मा पिता स्वर्गीय ओम प्रकाश शर्मा, उम्र 54 वर्ष, निवासी कॉलेज कॉलोनी वार्ड नंबर 02 धनपुरी, जिला शहडोल ने थाना चचाई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि उसके 12 चक्का ट्रक क्रमांक MP18 GA 3236 के चार टायर रिम सहित, जिनकी कीमत करीब 1.20 लाख रुपये है, सोडा फैक्ट्री पार्किंग से अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना चचाई में अपराध क्रमांक 257/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की।
दो अलग-अलग रातों में वारदात को दिया अंजाम
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों एवं चोरी के माल की बरामदगी के आधार पर चार आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने 28 अगस्त 2026 एवं 2 सितंबर 2026 की रात मिलकर ट्रक के टायर चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी किए गए टायरों को बेचने तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए व्हील, पाना, रॉड और जैक को छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के टायर बरामद किए और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में—
राजा उर्फ देवेश यादव पिता स्वर्गीय शंभू यादव, उम्र 26 वर्ष
लालू उर्फ अनुज सिंह पिता ओम प्रकाश सिंह, उम्र 23 वर्ष
अंकित दास पिता अरुण दास, उम्र 26 वर्ष
छोटू उर्फ शेख नशरूद्दीन पिता शेख कमरुद्दीन, उम्र 28 वर्ष
को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी वार्ड नंबर 03 गांधीनगर, सोडा फैक्ट्री, नगर परिषद बरगवां, थाना चचाई, जिला अनूपपुर के निवासी हैं।
चारों आरोपियों को 15 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी की सूचना नियमानुसार उनके परिजनों एवं दोस्तों को दी गई। इसके बाद आरोपियों को माननीय न्यायालय अनूपपुर के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में धारा 303(2), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब (आईपीएस) द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर प्रभावी एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी श्री नवीन कुमार तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी चचाई निरीक्षक फूलवती अहिरवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में सउनि नागेश सिंह, प्रधान आरक्षक विकास दहायत, शिव प्रसाद, हेम सिंह, आरक्षक राकेश द्विवेदी, प्रकाश निनामा, दीपक मंडलोई, नत्थू मोरे एवं नीतेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


0 Comments