रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में युवा कांग्रेस शहडोल ने मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को नगर के गांधी चौक पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड सरकार एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए एफआईआर दर्ज किए जाने की कार्रवाई पर अपना विरोध दर्ज कराया।
कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी की विशेष उपस्थिति में तथा युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुपम गौतम के नेतृत्व में किया गया। पुतला दहन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा आक्रोश देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित कार्रवाई बताते हुए अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्र मरावी, युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अभिषेक शुक्ला, उमरिया युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुराग सिंह, विधानसभा अध्यक्ष शेख सजील, जिला महासचिव शेख आबिद, सोनू चौबे, सत्यम कुशवाहा, सत्यम प्रजापति, मुशरान खान सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की आवाज को दबाने के बजाय उसके सवालों का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाना चाहिए। राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर कार्यकर्ताओं ने सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज कराते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
गांधी चौक पर हुए इस प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही और काफी देर तक राजनीतिक माहौल गरमाया रहा।



0 Comments