रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
छात्राओं के स्नेह से अभिभूत हुए एसपी संजय कुमार अग्रवाल, उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए मेहनत और अनुशासन का दिया संदेश
शहडोल । भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक पावन पर्व रक्षाबंधन शहडोल में आत्मीयता और उल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में महर्षि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल को तिलक लगाकर राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन पर्व की खुशियां साझा कीं।
छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावनाओं को जीवंत कर दिया। इस आत्मीय एवं भावुक अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने छात्राओं के स्नेह और अपनत्व को सहर्ष स्वीकार करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया तथा सभी छात्राओं को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, लगन और अनुशासन को अपना आधार बनाना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को निरंतर अध्ययन करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कुछ समय के लिए भाई-बहन के स्नेह और आत्मीयता का माहौल देखने को मिला। छात्राओं की इस भावपूर्ण पहल ने पर्व की खुशियों को और भी खास बना दिया।


0 Comments