Ticker

6/recent/ticker-posts

बिरसिंहपुर नौरोजाबाद में आबकारी नियमों की खुलेआम अनदेखी, ठेकेदार के गुर्गे दोपहिया-चार पहिया वाहनों से कर रहे गांव-गांव शराब की पैकारी

 


रिपोर्ट @शम्भूनाथ सोनी
पुलिस और आबकारी विभाग की भूमिका पर सवाल, भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने पकड़ी अवैध शराब, डायल 112 को दी सूचना


बिरसिंहपुर उमरिया शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि शराब की बिक्री केवल लाइसेंसी अहाते और निर्धारित दुकान से ही की जाए, लेकिन बिरसिंहपुर नौरोजाबाद क्षेत्र में इन नियमों को ठेके पर लेकर बैठे ठेकेदार द्वारा खुलेआम ताक पर रखा जा रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार नौरोजाबाद शराब भट्टी के ठेकेदार द्वारा अपने गुर्गों के माध्यम से मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों में शराब भरकर गांव-गांव, शहर के वार्डों, ढाबों, पान-गुमटियों और टपरों तक अवैध रूप से शराब पहुंचाई जा रही है। यह पैकारी सुबह से लेकर देर रात तक बेरोकटोक जारी है, जिससे क्षेत्र में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है और युवा वर्ग बर्बाद हो रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लाइसेंसी दुकान पर तो शराब बिकती ही है, लेकिन असली खेल दुकान बंद होने के बाद शुरू होता है। ठेकेदार के लड़के कमीशन के लालच में 20 से 50 रुपये अधिक दाम लेकर हर जगह शराब की होम डिलीवरी जैसा काम कर रहे हैं। गांव के चौक-चौराहों और ढाबों पर खुलेआम शराब पिलाई जा रही है, जिससे आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं भी बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने कई बार इसकी शिकायत संबंधित थाने और आबकारी विभाग से की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ऐसी स्थिति में जो काम पुलिस और आबकारी विभाग को करना चाहिए था, वह काम आज भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं राजू सिंह,अमेले सिंह, आशु नायक, लखन नायक, उदय नायक,सुनील, गणेश परस्ते, मनोज मरावी ,भुवनेश्वर सिंह, ने कर दिखाया। सोमवार को संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि दोपहिया वाहन पर बड़ी मात्रा में शराब लेकर कुछ लोग गांव की ओर जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया नायक मोहल्ला में रूक कर विजय किराना स्टोर में शराब देखकर चले गए भगवती मानव कल्याण कार्यकर्ताओं ने मौके से देशी50 पाव और 24 बोतल बियर बरामद होने की बात कही जा रही है।

इसके बाद कार्यकर्ताओं ने तत्काल डायल 112 पर फोन लगाकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब्त शराब और बियर को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मांग की है कि केवल शराब पकड़ने वाले को ही नहीं, बल्कि इस पूरे अवैध कारोबार के पीछे खड़े शराब ठेकेदार के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।

भगवती मानव कल्याण संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका संगठन लंबे समय से समाज में व्याप्त नशे के खिलाफ अभियान चला रहा है। उनका उद्देश्य लोगों को नशामुक्त बनाना है, जबकि शासन की दुकान का ठेका लेकर कुछ लोग अवैध पैकारी कर उनके प्रयासों को विफल कर रहे हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि इस अवैध पैकारी पर रोक नहीं लगी तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

इस पूरे मामले ने एक बार फिर आबकारी और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। आखिर क्यों विभागीय अधिकारी लाइसेंसी दुकानों की जांच नहीं करते? क्यों पैकारी करने वाले वाहनों की चेकिंग नहीं होती? क्या इस अवैध कमाई में कहीं न कहीं विभागीय मिलीभगत तो नहीं है? जनता इन सवालों का जवाब चाहती है।

क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने जिला कलेक्टर और जिला आबकारी अधिकारी से मांग की है कि बिरसिंहपुर नौरोजाबाद भट्टी के स्टॉक और बिक्री रजिस्टर का मिलान किया जाए, सीसीटीवी फुटेज खंगाली जाए और पैकारी में लिप्त सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि अवैध शराब बिक्री पर पूरी तरह से रोक लग सके।


Post a Comment

0 Comments