रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
विरोध के बीच न्यायालय के आदेश पर घर से घरेलू सामान जब्त, अधिवक्ता नीरज नायक और कलेक्शन मैनेजर प्रतीक मिश्रा ने संभाली कार्रवाई
अनूपपुर। माननीय व्यवहार न्यायालय अनूपपुर के आदेश के अनुपालन में श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड की अनूपपुर शाखा ने सोमवार को करीब दो दशक पुराने बकाया मामले में कुर्की की कार्रवाई की। न्यायालय से जारी कुर्की वारंट के आधार पर कंपनी की टीम कोर्ट अमीन और पुलिस बल के साथ बकायेदार राम मनोहर केवट के निवास पर पहुंची।
कार्रवाई के दौरान परिवार की महिला सदस्यों की ओर से विरोध किए जाने के कारण कुछ समय के लिए मौके पर स्थिति तनावपूर्ण रही। इस दौरान श्रीराम फाइनेंस के अधिवक्ता नीरज नायक ने न्यायालयीन प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं कंपनी के कलेक्शन मैनेजर प्रतीक मिश्रा ने टीम, कोर्ट अमीन और पुलिस बल के बीच समन्वय बनाए रखते हुए कार्रवाई को व्यवस्थित रूप से पूरा कराया।
पुलिस बल की मौजूदगी में न्यायालय के आदेश के अनुरूप घरेलू सामान की कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई।
2007 से जुड़ा है बकाया मामला
कंपनी के अनुसार, प्रकरण वर्ष 2007 में कराए गए करीब 2.60 लाख रुपये के री-फाइनेंस से संबंधित है। यह री-फाइनेंस वर्ष 2000 मॉडल के टाटा 2515 वाहन पर कराया गया था। कंपनी के मुताबिक ऋण की किश्तों का भुगतान नहीं होने पर वाहन जब्त कर लिया गया था, लेकिन इसके बाद भी शेष बकाया राशि का भुगतान नहीं किया गया।
बकाया राशि की वसूली के लिए श्रीराम फाइनेंस द्वारा वर्ष 2024 में व्यवहार न्यायालय अनूपपुर में इजराय प्रकरण प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा जारी कुर्की वारंट के अनुपालन में सोमवार को संबंधित निवास पर यह कार्रवाई की गई।
पिछले 10 दिनों में तीसरी कुर्की कार्रवाई
श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड की अनूपपुर शाखा के अनुसार, न्यायालयीन आदेशों के अनुपालन में पिछले 10 दिनों के भीतर यह तीसरी कुर्की कार्रवाई है। कंपनी का कहना है कि पुराने बकाया मामलों में न्यायालय से प्राप्त आदेशों के आधार पर नियमानुसार वसूली की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
अधिवक्ता और कलेक्शन टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई के दौरान अधिवक्ता नीरज नायक ने न्यायालय के आदेश और कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप टीम का मार्गदर्शन किया। वहीं कलेक्शन मैनेजर प्रतीक मिश्रा ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों, कोर्ट अमीन और पुलिस बल के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्रवाई को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराया।
कार्रवाई के दौरान श्रीराम फाइनेंस की ओर से अधिवक्ता नीरज नायक, कलेक्शन मैनेजर प्रतीक मिश्रा, फील्ड ऑफिसर आशुतोष पांडे, कोर्ट अमीन तथा पुलिस बल मौजूद रहा।
कंपनी प्रबंधन का कहना है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद बकाया राशि का भुगतान नहीं करने वाले मामलों में नियमानुसार आगे भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।


0 Comments