Ticker

6/recent/ticker-posts

जरवाही में धर्म परिवर्तन की खबर निकली भ्रामक, गृह प्रवेश कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई गई गलत जानकारी

 


रिपोर्ट @मोहम्मद शकील
शहडोल : जिले के थाना बुढ़ार अंतर्गत ग्राम जरवाही में धर्म परिवर्तन कराए जाने की खबर सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। हालांकि, पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर की गई पूछताछ में ग्रामीण जनप्रतिनिधियों एवं गांव के सम्मानित व्यक्तियों ने धर्म परिवर्तन से संबंधित किसी कार्यक्रम की जानकारी से इनकार किया। उनके अनुसार, पूरन बैगा के नव निर्मित मकान में गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें उन्होंने अपने रिश्तेदारों और मित्रों को आमंत्रित किया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरन बैगा और उनके पड़ोसी छोटेलाल केवट, पिता जगजाहिर केवट, के बीच पुराना जमीन संबंधी विवाद बताया जा रहा है। वहीं, पूरन बैगा के चचेरे भाई स्वामीदीन बैगा, पिता विश्राम बैगा का भी विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि उक्त दोनों व्यक्तियों एवं उनके साथी सोनू उर्फ लोली यादव, पिता मोहन यादव, निवासी ग्राम जरवाही ने नशे की हालत में धर्म परिवर्तन को लेकर भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित की। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना शेष है।सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्राम सरपंच पति प्रताप सिंह, उपसरपंच विनोद यादव सहित गांव के सम्मानित व्यक्तियों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आई जानकारी के अनुसार, वहां धर्म परिवर्तन का कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा रहा था, बल्कि गृह प्रवेश समारोह था। बिना तथ्यों की पुष्टि किए संवेदनशील मुद्दों पर खबर प्रसारित करना समाज में भ्रम और तनाव पैदा कर सकता है। ऐसे मामलों में आवश्यक है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले संबंधित पक्षों और प्रशासन से तथ्यों की पुष्टि की जाए।


Post a Comment

0 Comments