रिपोर्ट @मोहम्मद शकील
*महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गूंजा कौमी एकता का संदेश, युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने लिया हिस्सा*
शहडोल : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के पावन अवसर पर क्षेत्र में शांति, एकता, भाईचारे और सामाजिक सद्भावना का संदेश देने के उद्देश्य से विशाल सद्भावना पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा का शुभारंभ धनपुरी के आजाद चौक से हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए बुढ़ार के कॉलेज तिराहा पहुंचकर संपन्न हुई। मुख्य आयोजक आफताब खान ‘गोलू’ के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में युवाओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पदयात्रा के दौरान महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों एवं उनके द्वारा देश के लिए दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए शांति, सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।पदयात्रा के पूरे मार्ग में ‘कौमी एकता जिंदाबाद’ सहित सामाजिक एकता और भाईचारे के नारों की गूंज सुनाई देती रही। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से यात्रा का माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी विश्वास, प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के सफल समापन पर मुख्य आयोजक आफताब खान ‘गोलू’ ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं युवा साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पदयात्रा का उद्देश्य किसी एक वर्ग तक सीमित न होकर सर्वसमाज में शांति, एकता और सद्भावना का संदेश पहुंचाना है। आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक एकजुटता की भावना को मजबूती देने का संदेश दिया।


0 Comments