रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
भालूमाड़ा, अनूपपुर। भालूमाड़ा थाना क्षेत्र में फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर एक राजनीतिक परिवार की छवि धूमिल करने और आपत्तिजनक टिप्पणियां प्रसारित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अभिषेक सिंह उर्फ विक्की, निवासी वार्ड क्रमांक 17, हालो ब्लॉक भालूमाड़ा, नगर पालिका परिषद पसान के अध्यक्ष राम अवध सिंह के पुत्र हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके नाम और पहचान का दुरुपयोग करते हुए फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बनाई तथा उसके माध्यम से क्षेत्र के लोगों को भ्रामक और अभद्र टिप्पणियां भेजीं।
अभिषेक सिंह ने यह भी बताया कि उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से पहले भी ऐसे प्रयास किए जा चुके हैं। हाल ही में 14 सितंबर 2026 को फर्जी आईडी से की गई आपत्तिजनक गतिविधियों के बाद उन्होंने दोबारा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
भालूमाड़ा थाना पुलिस ने प्रथम दृष्टया उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर निरीक्षक रत्नंबर प्रसाद शुक्ला को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
फिलहाल पुलिस साइबर सेल की तकनीकी सहायता से फर्जी फेसबुक आईडी संचालित करने वाले आरोपियों की पहचान में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


0 Comments