रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
150 योग साधकों ने एक साथ किया योग, स्वच्छ तन-स्वच्छ मन और स्वच्छ भारत का दिया संदेश
शहडोल बाणगंगा। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को स्वामी विवेकानंद पार्क, बाणगंगा में ‘योगांजलि—स्वच्छ तन, स्वच्छ मन, स्वच्छ भारत’ थीम पर निशुल्क विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। योगाचार्य शिवाकान्त शुक्ला के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में करीब 150 योग साधकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर दोनों महापुरुषों को योगांजलि अर्पित की।
शिविर में योग साधकों ने सूक्ष्म व्यायाम, सूर्य नमस्कार, विभिन्न आसनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इसके साथ ही ताली योग और हास्य योग के माध्यम से स्वस्थ एवं प्रसन्न जीवन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति और स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई तथा उपस्थित लोगों ने नियमित रूप से योग करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर योगाचार्य शिवाकान्त शुक्ला ने कहा कि महात्मा गांधी ने देश को स्वच्छता का मंत्र दिया, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देकर राष्ट्रसेवा की प्रेरणा दी। स्वस्थ तन और स्वस्थ मन से ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है और योग इस दिशा में महत्वपूर्ण आधार है।
सामूहिक योगाभ्यास के दौरान स्वामी विवेकानंद पार्क का वातावरण योग, अनुशासन और देशभक्ति से ओतप्रोत रहा। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बना दिया। ‘योगांजलि’ के माध्यम से स्वास्थ्य, स्वच्छता, नशामुक्ति और राष्ट्रहित का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।




0 Comments