Ticker

6/recent/ticker-posts

धनपुरी के आजाद दफाई में गंदगी का अंबार: श्यामा गार्डन के पीछे सड़कों पर सड़ रहा कचरा, बीमारी और हादसों का खतरा बढ़ा

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

शहडोल / नगर पालिका धनपुरी के स्वच्छता दावों की वास्तविक तस्वीर इन दिनों श्यामा गार्डन के पीछे स्थित आजाद दफाई क्षेत्र में देखने को मिल रही है, जहां मुख्य सड़क कचरे और सड़े-गले भोजन के ढेर में तब्दील हो चुकी है। 

शादी-विवाह कार्यक्रमों के बाद बचा हुआ जूठा खाना, डिस्पोजल सामग्री और अन्य अपशिष्ट खुलेआम सड़क पर फेंके जाने से पूरे इलाके में गंभीर स्वच्छता संकट पैदा हो गया है। स्थानीय रहवासियों के अनुसार कई दिनों से फैली बदबू के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है और राहगीरों को नाक ढंककर रास्ता पार करना पड़ रहा है।

सड़क किनारे पड़े सड़े भोजन पर मक्खियों और आवारा जानवरों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे संक्रमण और बीमारियों के फैलने की आशंका लगातार बढ़ रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गार्डन में आयोजित कार्यक्रमों के बाद कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था नहीं की जाती, जिसके चलते पूरा इलाका दुर्गंध और गंदगी से प्रभावित रहता है। गर्म मौसम में सड़न तेज होने से आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ने की चिंता जताई जा रही है।

सड़क पर फेंकी गई जूठन खाने के लिए बड़ी संख्या में बेसहारा मवेशी बीच रास्ते पर जमा रहते हैं। इससे यातायात प्रभावित हो रहा है और दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं भोजन के साथ फेंके गए प्लास्टिक और अन्य हानिकारक कचरे को खाकर मवेशियों की जान भी जोखिम में पड़ रही है, जो लापरवाही का गंभीर पहलू माना जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सफाई कर्मचारी समय-समय पर सफाई करते हैं, लेकिन कुछ ही घंटों में दोबारा कचरा फेंक दिए जाने से स्थिति जस की तस हो जाती है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर निगरानी बढ़ाई जाए और मैरिज गार्डनों के लिए ठोस कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा बनी रह सके।

आजाद दफाई की यह स्थिति नगर में चल रहे स्वच्छता अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रही है और जिम्मेदार एजेंसियों से तत्काल ठोस एवं स्थायी समाधान की अपेक्षा की जा रही है।




Post a Comment

0 Comments