Ticker

6/recent/ticker-posts

मोहम्मद सिद्दीक अंसारी बने ‘ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेस फेडरेशन’ के शहडोल संभागीय अध्यक्ष

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

शहडोल।सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाले मोहम्मद सिद्दीक अंसारी को एक महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। ऑल इंडिया बैकवर्ड क्लासेस फेडरेशन (AIBCF) ने उनकी सक्रियता, समाज के प्रति समर्पण और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए उन्हें शहडोल संभाग का संभागीय अध्यक्ष तथा शहडोल अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का प्रमुख नियुक्त किया है। उनकी इस नियुक्ति से शहडोल संभाग सहित पूरे क्षेत्र में संगठन को मजबूती मिलने और पिछड़े व वंचित वर्गों की आवाज को और सशक्त रूप से उठाने की उम्मीद जताई जा रही है।

फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. आर.पी. साहू द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में मोहम्मद सिद्दीक अंसारी की कार्यशैली और सामाजिक प्रतिबद्धता पर विश्वास व्यक्त किया गया है। संगठन ने अपेक्षा जताई है कि अंसारी जस्टिस वी. ईश्वरैया के मार्गदर्शन तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा ज्योतिबा फुले की विचारधारा को आत्मसात करते हुए समाज में सामाजिक न्याय, समानता और समतामूलक व्यवस्था स्थापित करने के उद्देश्य से पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करेंगे।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब मोहम्मद सिद्दीक अंसारी पर शहडोल संभाग में संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने की अहम जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही वे पूरे मध्यप्रदेश में योग्य और सक्रिय पदाधिकारियों के चयन में भी संगठन का मार्गदर्शन और सहयोग करेंगे, जिससे संगठन की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी बन सके।

इस नियुक्ति की औपचारिक सूचना उच्च न्यायालय जबलपुर के रजिस्ट्रार, मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक भोपाल, संभागायुक्त शहडोल, कलेक्टर शहडोल और पुलिस अधीक्षक शहडोल को भी प्रेषित कर दी गई है।

अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए मोहम्मद सिद्दीक अंसारी ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का विषय है। उन्होंने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के पिछड़े, वंचित और अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकारों, सम्मान और उत्थान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे तथा संगठन के विश्वास पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे। 

उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ताओं, गणमान्य नागरिकों, इष्ट मित्रों और परिजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है और आशा जताई है कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

Post a Comment

0 Comments