रिपोर्ट @ शम्भूनाथ सोनी
जिले के पाली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार मामला ब्लड सैंपल जांच और मरीजों को निजी पैथोलॉजी की ओर भेजने के आरोपों से जुड़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में सुविधाएं होने के बावजूद मरीजों को बाहर से जांच कराने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
वार्ड नंबर 2 निवासी मोहम्मद तौसीम ने बताया कि उनके पड़ोसी राम रतन सोलंकी की तबीयत खराब होने पर वे उन्हें पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए। यहां डॉक्टर ने इलाज से पहले ब्लड टेस्ट कराने की सलाह दी, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल की पर्ची पर ही एक निजी पैथोलॉजी का मोबाइल नंबर लिखकर दे दिया गया।
मोहम्मद तौसम के अनुसार, जब उन्होंने उस नंबर पर कॉल किया तो कुछ ही देर में एक व्यक्ति अस्पताल पहुंचा और अंदर से ही ब्लड सैंपल लेकर चला गया। उसने कहा कि शाम तक रिपोर्ट मिल जाएगी और अस्पताल से ही संपर्क कर लेना। इस पूरी प्रक्रिया ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि सरकारी अस्पताल के भीतर निजी जांच का यह तरीका नियमों के विपरीत माना जा रहा है।
तौसम ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने डॉक्टर से इस बारे में सवाल किया तो उन्हें बताया गया कि अस्पताल की रिपोर्ट भरोसेमंद नहीं होती और स्लाइड में गड़बड़ी रहती है, इसलिए बाहर से जांच कराना बेहतर है। इतना ही नहीं, डॉक्टरों द्वारा लिखी जा रही दवाइयों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने बताया कि आयरन और मल्टीविटामिन जैसी सामान्य दवाएं भी बाहर से खरीदने के लिए लिखी जा रही हैं, यह कहकर कि अस्पताल में उपलब्ध दवाएं प्रभावी नहीं हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह आरोप सही हैं तो यह न सिर्फ मरीजों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़ा करता है। अस्पताल में मौजूद सुविधाओं का उपयोग न कर निजी सेवाओं को बढ़ावा देना एक गंभीर मामला हो सकता है।
इस पूरे मामले पर जब मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी वी.एस. चंदेल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मैं दिखवाता हूं
फिलहाल यह मामला जांच के दायरे में है, लेकिन पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उठ रहे ये सवाल स्वास्थ्य व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर बहस खड़ी कर रहे हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि जांच के बाद क्या सच्चाई सामने आती है और जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है।


0 Comments