Ticker

6/recent/ticker-posts

मां तुझे प्रणाम योजना से लौटे युवाओं का पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
अनुभव यात्रा से मिली प्रेरणा को जीवन में उतारकर जिले का नाम रोशन करें : विक्रांत मुराब



अनूपपुर। मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी मां तुझे प्रणाम योजना के अंतर्गत आयोजित अनुभव यात्रा से लौटे प्रतिभागियों का पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर हर्षल पंचोली एवं पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें युवाओं को राष्ट्रसेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता के प्रति प्रेरित किया गया।

यात्रा से लौटने पर रेलवे स्टेशन से महिला प्रतिभागियों एवं दल प्रभारी को पुलिस वाहन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक कार्यालय लाया गया। यहां पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने सभी प्रतिभागियों एवं दल मैनेजर का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले का प्रतिनिधित्व कर प्रतिभागियों ने अनूपपुर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने युवाओं से यात्रा के अनुभव साझा करने का आग्रह करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होती है तथा युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं प्रभारी जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी जगनाथ मरकाम ने कहा कि मां तुझे प्रणाम योजना युवाओं को देश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भौगोलिक विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस अनुभव यात्रा से प्राप्त सीख प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

प्रतिभागी कुमारी शिवानी राठौर ने यात्रा के संस्मरण साझा करते हुए बताया कि दल ने सबसे पहले भोपाल पहुंचकर विश्व धरोहर सांची स्तूप का भ्रमण किया। इसके बाद रायसेन जिले के भोजपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध भोजेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन किए तथा भीमबेटका की ऐतिहासिक गुफाओं का अवलोकन किया। यात्रा के दौरान नर्मदापुरम स्थित सेठानी घाट पहुंचकर मां नर्मदा के दर्शन किए गए। अगले चरण में प्रतिभागियों ने पचमढ़ी भ्रमण के दौरान जटाशंकर मंदिर, गुप्त महादेव मंदिर, हांडी खोह, इंदिरा प्वाइंट एवं दूर से चौरागढ़ मंदिर के दर्शन किए, साथ ही चंपक झील की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद भी लिया।

प्रतिभागियों के अनुभव सुनने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम ने कहा कि पचमढ़ी प्रदेश का अत्यंत रमणीय एवं प्रेरणादायक पर्यटन स्थल है, जिसकी प्राकृतिक छटा युवाओं को नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच प्रदान करती है।

कार्यक्रम में दल मैनेजर दिनेश कुमार सिंह चंदेल, ब्लॉक समन्वयक जैतहरी सहित प्रतिभागी कुमारी शिवानी राठौर, सीमा सिंह श्याम, रितु देवी, रितिका देवी, सरस्वती सिंह राठौर, अंबे गुप्ता, हनी गुप्ता, सिफत आदिल, अंकिता पटेल एवं संजना सिंह तोमर उपस्थित रहीं।

समारोह के अंत में जिला खेल प्रशिक्षक अनूपपुर रामचंद्र यादव एवं ग्रामीण युवा समन्वयक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग जैतहरी, दिनेश कुमार सिंह चंदेल ने पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम को पचमढ़ी स्थित जटाशंकर महादेव मंदिर का स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी की शुभकामनाओं के साथ हुआ।



Post a Comment

0 Comments