रिपोर्ट @शम्भूनाथ सोनी
बिरसिंहपुर पाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मलाहदू के रामपुर गांव में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। खेत में झाड़ियां साफ कर रहे एक किसान के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण तत्काल घायल किसान को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर निवासी दुर्गेश कुशवाहा उम्र 28 वर्ष पिता लखन कुशवाहा अपने खेत में उगी झाड़ियों को काटने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आने से उन्हें जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही दुर्गेश खेत में गिर पड़े और उनके शरीर के कई हिस्से झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किसान को तत्काल खेत से बाहर निकालकर बिरसिंहपुर पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां से गुजर रही बिजली लाइन काफी नीचे झूल रही है। कई बार इसकी शिकायत संबंधित विभाग से की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के ऊपर से गुजरने वाली विद्युत लाइनों की ऊंचाई कम होने के कारण किसानों और खेतिहर मजदूरों की जान हमेशा जोखिम में बनी रहती है।
हादसे के बाद गांव में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में नीचे लटक रही विद्युत लाइनों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए और उन्हें सुरक्षित ऊंचाई पर किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल घायल किसान दुर्गेश कुशवाहा का उपचार पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। घटना ने एक बार फिर खेतों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


0 Comments