Ticker

6/recent/ticker-posts

छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला कबीर चबूतरा मार्ग बदहाल, माधव सरोवर पुल बना हादसों का सबब

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
बारिश में सड़क गड्ढों में तब्दील, जर्जर पुल और टूटी रेलिंग से हर सफर बन रहा जोखिम भरा

अनूपपुर। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अमरकंटक–कबीर चबूतरा मार्ग इन दिनों बदहाली की मार झेल रहा है। लगातार हो रही बारिश ने सड़क को जगह-जगह गहरे गड्ढों में बदल दिया है, जिससे इस मार्ग पर सफर करना यात्रियों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है। प्रतिदिन हजारों पर्यटक, श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक इसी रास्ते से आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क की जर्जर स्थिति के कारण हर पल दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

बारिश के पानी से गड्ढे पूरी तरह भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। दो राज्यों को जोड़ने वाला यह प्रमुख संपर्क मार्ग लंबे समय से मरम्मत की मांग कर रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक प्रभावी कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है।

सिंगल लेन सड़क से बढ़ रही परेशानी

अफरोज रोड से बांधा पुल तक सड़क की चौड़ाई बेहद कम है। सिंगल लेन होने के कारण आमने-सामने से आने वाले भारी वाहनों की क्रॉसिंग के दौरान अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। बरसात में सड़क किनारों की कमजोर स्थिति और पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के अभाव से दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ गया है।

माधव सरोवर पुल की हालत भी चिंताजनक

इसी मार्ग पर नर्मदा नदी के बांधा क्षेत्र स्थित माधव सरोवर पुल भी जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। पुल के दोनों ओर लगी लोहे की रेलिंग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होकर नदी की ओर झुक गई है, जबकि पुल की कंक्रीट सतह भी जगह-जगह टूट-फूट का शिकार है। लगातार बारिश के कारण पुल के नीचे मिट्टी के कटाव की आशंका से इसकी मजबूती को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही किसी बड़े खतरे को आमंत्रण दे सकती है।

लोगों ने जताई बड़ी दुर्घटना की आशंका

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क और पुल की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि यह मार्ग न केवल दो राज्यों को जोड़ता है, बल्कि अमरकंटक आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी प्रमुख रास्ता है। इसके बावजूद प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की उदासीनता लोगों की चिंता बढ़ा रही है।

तत्काल मरम्मत की मांग

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क और माधव सरोवर पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए। उनका कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते इस महत्वपूर्ण मार्ग को सुरक्षित बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।


Post a Comment

0 Comments