रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
अनूपपुर। जिला मुख्यालय अनूपपुर के रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सामने आए एक वायरल वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वीडियो में एक नाबालिग बच्चे को खंभे से बांधकर कथित रूप से बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। वहीं, कुछ लोग घटना का वीडियो बनाते और हंसते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के अनुसार घटना अनूपपुर रेलवे स्टेशन के बाहर की बताई जा रही है। वीडियो में एक नाबालिग असहाय अवस्था में दिखाई देता है, जबकि कुछ लोग उसे सार्वजनिक रूप से खंभे से बांधकर प्रताड़ित करते नजर आते हैं। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
नागरिकों का कहना है कि यदि वीडियो में दिखाई दे रही घटना सत्य है, तो यह केवल मारपीट का मामला नहीं बल्कि कानून को अपने हाथ में लेने और भीड़तंत्र की मानसिकता का गंभीर उदाहरण है। लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि कथित घटना के दौरान स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की भूमिका क्या रही और बच्चे को बचाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप क्यों नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कराने, वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने तथा घटना के समय मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।
यदि वीडियो में दिख रही घटना सही पाई जाती है, तो यह मानवाधिकारों और बाल संरक्षण से जुड़े कानूनों के गंभीर उल्लंघन का मामला हो सकता है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई है।


0 Comments