Ticker

6/recent/ticker-posts

जिम्मेदार मेहरबान तो ठेकेदार पहलवान: नगर से लेकर गांव तक खुलेआम चल रही शराब की पैकारी

 


रिपोर्ट @शम्भूनाथ सोनी
बिरसिंहपुर (उमरिया)। पाली थाना क्षेत्र में नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अवैध शराब की पैकारी का कारोबार खुलेआम संचालित होने के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आबकारी विभाग की कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है, जिससे अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है।

आरोप है कि शराब दुकानों के आसपास, होटलों, ढाबों और कई ग्रामीण क्षेत्रों में खुलेआम शराब की बिक्री की जा रही है। जिन स्थानों का उल्लेख किया जा रहा है उनमें वार्ड क्रमांक-1 सूखा, बनैन्दा, जीरो ढाबा, बकेली स्कूल के पास, मुदरिया रेलवे स्टेशन, मंठार, ग्राम सुंदरदादर, संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र दादर रोड, मंठार गेट नंबर-1 के सामने, ग्राम चौरी बाजार, बकेली, बड़वाही, ओदरी, सलैया, बंधवा पारा, शाहपुर स्कूल के सामने, कुशमहा, डिडवारिया स्कूल के पीछे, माला चूआ, औढेरा स्कूल के बगल तथा कंचोंदर तिराहा स्थित ढाबे शामिल हैं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि दोपहिया वाहनों के माध्यम से भी गांव-गांव शराब की पैकारी कराई जा रही है। उनका कहना है कि यदि संबंधित विभाग प्रभावी कार्रवाई करे तो इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सकता है।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर अवैध शराब बिक्री और अहातों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद क्षेत्र में खुलेआम पैकारी होने के आरोप प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


Post a Comment

0 Comments