रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल। देशभर में पेपर लीक, छात्र आत्महत्या और चर्चित सोनम मामले को लेकर उठ रही आवाज अब शहडोल जिले के धनपुरी तक पहुंच गई है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी विरोध प्रदर्शन के समर्थन में सोमवार को धनपुरी के आजाद चौक पर समाजसेवी तिलकराज सोनी 'भोला' के नेतृत्व में साथियों ने सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर पेपर लीक की घटनाओं पर कड़ा विरोध जताया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार सामने आ रहे परीक्षा घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र आत्महत्या जैसी घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और सरकार को युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
समाजसेवी तिलकराज सोनी 'भोला' ने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से दिल्ली के जंतर-मंतर में चल रहे आंदोलन में शामिल नहीं हो सके, इसलिए धनपुरी के आजाद चौक से सांकेतिक विरोध दर्ज कराया गया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में सरकार को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए और पेपर लीक के दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान सोनम मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की भी मांग की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि न्याय में देरी से आम लोगों का भरोसा कमजोर होता है, इसलिए सभी मामलों में पारदर्शी और त्वरित जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।
आजाद चौक पर हुए प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। राहगीरों ने भी प्रदर्शन को देखा और कई लोगों ने युवाओं के मुद्दों पर चिंता व्यक्त की। समाजसेवियों ने स्पष्ट किया कि यह प्रदर्शन किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं, बल्कि छात्रों, युवाओं और न्याय की मांग को लेकर आयोजित किया गया है।
प्रदर्शन का फेसबुक लाइव के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और सोशल मीडिया उपयोगकर्ता इस अभियान से जुड़े। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि युवाओं से जुड़े मामलों में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


0 Comments