रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
जिला मंत्री श्रीकृष्ण गुप्ता ने सौंपा ज्ञापन, एक्स-रे व्यवस्था में सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की उठाई मांग
शहडोल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ार में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर जिला मंत्री श्रीकृष्ण गुप्ता ने मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं शहडोल जिले के पालक मंत्री राजेन्द्र शुक्ल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित सोनोग्राफी मशीन को तत्काल चालू कराने, एक्स-रे मशीन के ऑपरेटर को बदलने तथा चिकित्सा अधिकारी का प्रभार स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीमती शैली जैन को सौंपने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया है कि कुछ माह पूर्व उपमुख्यमंत्री द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ार में सोनोग्राफी मशीन का उद्घाटन किया गया था, लेकिन आज तक मशीन का संचालन शुरू नहीं हो सका है। इससे गर्भवती महिलाओं एवं अन्य मरीजों को आवश्यक जांच के लिए निजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि केंद्र में पदस्थ एक्स-रे मशीन के ऑपरेटर द्वारा नियमित रूप से ड्यूटी नहीं की जाती, जिसके कारण मरीजों को समय पर एक्स-रे सुविधा नहीं मिल पाती और वे मजबूरी में निजी जांच केंद्रों पर जाने के लिए विवश हो जाते हैं।
ज्ञापन के अनुसार, सीएमएचओ शहडोल के आदेश के पालन में डॉ. श्रीमती शैली जैन ने जिला चिकित्सालय शहडोल से सोनोग्राफी की रिफ्रेशर ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली है, जिससे वे सोनोग्राफी सेवा संचालित करने के लिए सक्षम हैं। साथ ही, वे पूर्व में भी बुढ़ार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीएमओ का प्रभार संभाल चुकी हैं और उनके कार्यकाल में स्वास्थ्य सेवाएं व्यवस्थित रूप से संचालित हुई थीं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में डॉ. सचिन कारखुर के पास धनपुरी का अतिरिक्त प्रभार होने के कारण वे बुढ़ार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। ऐसी स्थिति में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए डॉ. शैली जैन को चिकित्सा अधिकारी का प्रभार सौंपना जनहित में आवश्यक बताया गया है।
अंत में श्रीकृष्ण गुप्ता ने उपमुख्यमंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए बुढ़ार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।



0 Comments