रिपोर्ट @जयप्रकाश नामदेव
_*बाजार से घर लौटते समय कुल्हाड़ियां नदी के पास वारदात, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस*_
*शहडोल।* जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बाजार से घर लौटते समय कुल्हाड़ियां नदी के पास महिला का खून से लथपथ शव मिला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
*ऐसे हुआ खुलासा*
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ग्राम कनाड़ी निवासी गेंदा बाई यादव, पत्नी ललुआ यादव उम्र 60 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि गेंदा बाई सोमवार को घर से बाजार जाने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
इसी दौरान गांव की एक अन्य महिला जब बाजार से लौट रही थी तो कुल्हाड़ियां नदी के पास उसने गेंदा बाई का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। महिला ने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी गई।
*पुलिस जांच जारी, हत्या की पुष्टि*
सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है।
थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
*जादू-टोना का संदेह, पुलिस ने नहीं की पुष्टि*
वहीं, ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि हत्या के पीछे जादू-टोना का संदेह हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।


0 Comments