Ticker

6/recent/ticker-posts

भारतीय मजदूर संघ ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 72वां स्थापना दिवस, श्रमिकों ने लिया राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प

 




रिपोर्ट @सुनील कुमार गौतम
अमलाई। विश्व के सबसे बड़े श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) का 72वां स्थापना दिवस 23 जुलाई 2026 को देशभर में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इसी क्रम में भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध ओरिएंट पेपर मिल श्रमिक संघ एवं ओरिएंट पेपर मिल स्टाफ संघ, अमलाई द्वारा संघ कार्यालय में विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ संगीतमय श्री सुंदरकांड पाठ से हुआ, जिसके पश्चात भजन संध्या एवं सामूहिक भोजन-प्रसाद का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में श्रमिकों एवं अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई और संगठन की एकजुटता का परिचय दिया।


इस अवसर पर ओरिएंट पेपर मिल स्टाफ संघ के महामंत्री श्री मृगेन्द्र सिंह ने सभी उपस्थितजनों को भारतीय मजदूर संघ के 72वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक एवं महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।


वहीं ओरिएंट पेपर मिल श्रमिक संघ के महामंत्री श्री प्रवीण कुमार शुक्ला ने अपने संबोधन में बताया कि भारतीय मजदूर संघ की स्थापना 23 जुलाई 1955 को राष्ट्रऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी द्वारा भोपाल (मध्य प्रदेश) में की गई थी। उन्होंने कहा कि शून्य से प्रारंभ हुआ यह संगठन आज विश्व का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन चुका है और उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा, कल्याण एवं सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

समारोह में ओरिएंट पेपर मिल के प्रबंधन वर्ग के वरिष्ठ अधिकारियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे आयोजन के दौरान श्रमिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रमिकों ने एक स्वर में संगठन के प्रेरक नारों—

"देश के हित में करेंगे काम, काम के लेंगे पूरे दाम।"
"बीएमएस की क्या पहचान—त्याग, तपस्या और बलिदान।"

—के उद्घोष के साथ संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उमेश प्रताप सिंह, शिवपाल मिश्रा, प्रताप माझी, प्रमोद यादव, राम अवतार, सुधीर मिश्रा, दीप राज सिंह, मोहन सिंह, अतुल मिश्रा, सुरेंद्र त्रिपाठी, अर्जुन जायसवाल सहित सैकड़ों श्रमिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्द, संगठनात्मक एकता और श्रमिक हितों के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बना।


Post a Comment

0 Comments