Ticker

6/recent/ticker-posts

शहडोल में जुए-सट्टे का मकड़जाल: नए पुलिस कप्तान के बाद भी बेखौफ चल रहा अवैध कारोबार

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
सोहागपुर, बुढ़ार और कोयलांचल क्षेत्र में जुए की फड़ व ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टे के संचालन के आरोप, कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

शहडोल। जिले में अवैध जुए और सट्टे के कारोबार को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नए पुलिस अधीक्षक के पदभार ग्रहण करने के बाद भी जिले के कई क्षेत्रों में जुए की फड़ और ऑनलाइन-ऑफलाइन सट्टे का कारोबार बेखौफ जारी है। इससे पुलिस की कार्रवाई और प्रभावशीलता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, सोहागपुर थाना क्षेत्र के जमुई में कथित रूप से लंबे समय से जुए की फड़ संचालित होने की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। अब निगाहें नवागत थाना प्रभारी पर टिकी हैं कि वे इस कथित अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई कर पाते हैं या नहीं।

वहीं बुढ़ार थाना क्षेत्र में भी जुए की फड़ संचालित होने के आरोप लगाए जा रहे हैं। क्षेत्र में यह चर्चा है कि एक कथित नेता के संरक्षण में यह गतिविधियां चल रही हैं, जिसके कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके अलावा बुढ़ार के आसपास के क्षेत्रों में भी कथित रूप से घोड़ी (ताश के जुए) का खेल संचालित होने की बात सामने आ रही है, जहां बड़ी संख्या में युवा शामिल होने की चर्चाएं हैं।

इधर कोयलांचल क्षेत्र में ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टे का नेटवर्क फैलने की भी चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ कथित व्यक्तियों द्वारा पूरे क्षेत्र में सट्टे का जाल बिछाया गया है। हालांकि धनपुरी पुलिस द्वारा पूर्व में कई कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इसके बावजूद अवैध कारोबार पूरी तरह थमता नजर नहीं आ रहा है।

इन परिस्थितियों में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिले में जुए और सट्टे के इस कथित नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा है? क्या पुलिस इन गतिविधियों के पीछे सक्रिय लोगों तक पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई कर पाएगी, या फिर यह अवैध कारोबार इसी तरह चलता रहेगा?


Post a Comment

0 Comments