Ticker

6/recent/ticker-posts

गोहपारू में बिजली विभाग पर रिश्वतखोरी का आरोप, तार जोड़ने के नाम पर लाइनमैन ने लिए ₹200, वीडियो वायरल

 


रिपोर्ट @जयप्रकाश नामदेव
गोहपारू। गोहपारू विद्युत वितरण केंद्र के अंतर्गत मुख्य बाजार क्षेत्र में बिजली विभाग के मैदानी कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक व्यवसायी ने आरोप लगाया है कि दुकान का टूटा बिजली का तार जोड़ने के एवज में विभाग के एक लाइनमैन ने ₹200 की मांग की और राशि लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, गोहपारू निवासी पवन गुप्ता की दुकान का मुख्य खंभे से जुड़ा सर्विस तार अचानक टूट गया, जिससे दुकान की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। व्यवसाय प्रभावित होने पर उन्होंने इसकी सूचना बिजली विभाग के अधिकारियों को दी।

आरोप है कि अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर पहुंचे लाइनमैन हनुमान रावत ने सरकारी दायित्व निभाने के बजाय तार जोड़ने के लिए ₹200 की मांग की। पीड़ित का कहना है कि मजबूरी में उन्हें पैसे देने पड़े। इसी दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि बिजली संबंधी छोटे-छोटे सुधार कार्यों के लिए भी यदि कर्मचारियों द्वारा पैसे लिए जा रहे हैं, तो यह गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि ऐसी अवैध वसूली की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। हालांकि, इस संबंध में किसी वरिष्ठ अधिकारी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

पीड़ित का कहना है
"मेरे से लाइनमैन हनुमान रावत ने तार जोड़ने के लिए ₹200 लिए हैं। मैंने इसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन में कर दी है।"

इस संबंध में विभाग के संबंधित इंजीनियर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा।


Post a Comment

0 Comments