Ticker

6/recent/ticker-posts

स्कूल की छुट्टी बन रही खतरे की घंटी, बच्चों की सुरक्षा भगवान भरोसे

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

गुड्स शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल, पांडव नगर के बाहर रोजाना लगता है जाम, सड़क पर उमड़ती है बच्चों की भीड़; सुरक्षा व्यवस्था नदारद


शहडोल। शहर के पांडव नगर स्थित गुड्स शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल के बाहर छुट्टी के समय प्रतिदिन अव्यवस्था का गंभीर नजारा देखने को मिल रहा है। स्कूल की घंटी बजते ही सैकड़ों छात्र-छात्राएं एक साथ मुख्य सड़क पर निकल आते हैं। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और लगातार बजते हॉर्न से पूरा इलाका शोरगुल में डूब जाता है।


सबसे गंभीर पहलू यह है कि बच्चों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए स्कूल प्रबंधन की ओर से सड़क पर कोई सुरक्षा कर्मी या ट्रैफिक मार्शल तैनात नहीं रहता। व्यस्त सड़क पर छोटे-छोटे बच्चों का बिना किसी निगरानी के आवागमन किसी बड़े हादसे की आशंका को लगातार बढ़ा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह स्थिति कोई नई नहीं है, बल्कि रोजाना दोहराई जाती है। इसके बावजूद न तो स्कूल प्रबंधन ने प्रभावी व्यवस्था की है और न ही संबंधित विभाग ने अब तक इस ओर गंभीर पहल की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई अप्रिय घटना घट सकती है, जिसकी जिम्मेदारी तय करना मुश्किल होगा।

नागरिकों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि स्कूल के बाहर छुट्टी के समय यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए तथा स्कूल प्रबंधन को आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए जाएं। अभिभावकों और विद्यार्थियों की सुरक्षा किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है।


Post a Comment

0 Comments