रिपोर्ट @जयप्रकाश नामदेव
शहडोल/जयसिंहनगर। अक्सर सड़क हादसों के बाद लोग कानूनी झंझट या अन्य आशंकाओं के चलते घायलों की मदद करने से पीछे हट जाते हैं। ऐसे समय में थाना जयसिंहनगर क्षेत्र की डायल-112 (FRV-10) के पायलट चैन सिंह ने इंसानियत, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को उन्होंने बिना किसी परवाह के अपने हाथों से सहारा देकर पुलिस वाहन में बैठाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से सड़क पर तड़प रहे थे दो युवक
घटना शनिवार देर रात लगभग 10 बजे की है। ग्राम कुबरा और चंदेल के बीच एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर लहूलुहान अवस्था में पड़े दर्द से तड़प रहे थे। रात का समय होने के कारण मौके पर सन्नाटा पसरा था और हर पल उनकी जान पर खतरा बढ़ता जा रहा था। तभी राहगीरों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे, नहीं गंवाया एक भी पल
सूचना मिलते ही डायल-112 (FRV-10) के पायलट चैन सिंह और स्टाफ प्रहलाद सिंह मार्को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों की गंभीर स्थिति देखते हुए चैन सिंह ने बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी वर्दी की परवाह किए बिना दोनों घायलों को अपने हाथों से उठाया, उन्हें सहारा देकर पुलिस वाहन में सुरक्षित बैठाया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जयसिंहनगर के लिए रवाना हो गए।
अस्पताल में भी निभाई मानवता की मिसाल
अस्पताल पहुंचने के बाद भी चैन सिंह और प्रहलाद सिंह मार्को केवल घायलों को छोड़कर नहीं लौटे। उन्होंने स्वयं घायलों को संभालते हुए डॉक्टरों तक पहुंचाया, ताकि इलाज में एक पल की भी देरी न हो। पुलिस की इसी त्वरित कार्रवाई और समय पर अस्पताल पहुंचाने के कारण दोनों घायलों का इलाज तुरंत शुरू हो सका और उनकी जान बचाई जा सकी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो, लोग कर रहे सलाम
घटना के दौरान मौजूद किसी प्रत्यक्षदर्शी ने इस पूरे मानवीय प्रयास का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखकर लोग पायलट चैन सिंह और उनकी टीम की संवेदनशीलता, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की खुले दिल से सराहना कर रहे हैं।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि खाकी सिर्फ कानून व्यवस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में मानवता का सबसे मजबूत सहारा भी है। पायलट चैन सिंह और उनकी टीम ने अपने सेवा भाव से यह संदेश दिया है कि पुलिस का असली धर्म जरूरतमंद की मदद करना है।


0 Comments