रिपोर्ट @जयप्रकाश नामदेव
*स्वच्छता प्रभारी और CMO शहडोल- ब्यौहारी में बैठे, PM के स्वच्छता अभियान को लगा पलीता*
*जयसिंहनगर।* नगर परिषद जयसिंहनगर में डीजल के अभाव के कारण पिछले 3 दिनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है। कचरा गाड़ियां खड़ी हो जाने से पूरे नगर में जगह-जगह कचरे के अंबार लग गए हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी डीजल न होने से कार्यालय में खड़ी है।
*वार्ड 1 से 15 तक फैली गंदगी*
नगर परिषद में डीजल की व्यवस्था न होने के कारण सभी कचरा गाड़ियां 3 दिनों से नगर परिषद कार्यालय में खड़ी हैं। वर्तमान में सिर्फ एक ट्रैक्टर से बस स्टैंड का कचरा उठाकर खानापूर्ति की जा रही है। वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक सभी जगह सफाई का अभाव है और कचरे के ढेर लगे हुए हैं।
यदि कोई अनहोनी हो जाए तो डीजल के अभाव में फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके तक कैसे पहुंचेगी, यह बड़ा सवाल है।
*अधिकारी मुख्यालय छोड़कर बाहर*
बताया जाता है कि स्वच्छता प्रभारी सुनीता बैगा नगर से 50 किमी दूर शहडोल में रहकर काम कर रही हैं। वाहन चालकों द्वारा कई बार डीजल की मांग की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इसी तरह नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवांगी पांडे भी 50 किमी दूर ब्यौहारी में रहती हैं। नियमतः उन्हें सप्ताह में 2 दिन जयसिंहनगर में बैठना है, लेकिन वे यदा-कदा ही आती हैं।
*अध्यक्ष ने CMO पर लगाए आरोप*
इस संबंध में नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला चक्रधारी शुक्ला ने कहा कि _"नगद राशि से डीजल भरवाया जाता है। कई बार CMO के संज्ञान में बात लाई गई, लेकिन ध्यान न देने के कारण ऐसी स्थिति बनी है। CMO के कारण यहां का विकास अवरुद्ध है।"_
उक्त संबंध में जब स्वच्छता प्रभारी सुनीता बैगा और CMO शिवांगी पांडे से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
नगरवासियों का कहना है कि डीजल की लापरवाही के कारण प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान को नगर परिषद द्वारा पलीता लगाया जा रहा है।



0 Comments