रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
एक महीने तक पुलिस को चकमा देता रहा मुख्य आरोपी, देशी कट्टा बरामद; एसपी ने टीम को किया पुरस्कृत
अनूपपुर। रामपुर बटुरा फायरिंग कांड में अनूपपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी श्रीराम विश्वकर्मा को महाराष्ट्र के नासिक से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने इस बहुचर्चित मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है।
गौरतलब है कि 7 जून 2026 को एसईसीएल की रामपुर बटुरा ओपन कोल माइंस स्थित जय अम्बे प्राइवेट लिमिटेड के ग्राम खांडा स्थित कार्यालय में रोजगार संबंधी विवाद के दौरान श्रीराम विश्वकर्मा अपने दो साथियों के साथ पहुंचा था। विवाद बढ़ने पर उसने देशी कट्टे से फायर कर दिया। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड की सूझबूझ और साहस के चलते गोली कार्यालय के फर्श में जा धंसी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना के बाद कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सह-आरोपी पप्पू विश्वकर्मा और मिथलेश चर्मकार को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था, लेकिन मुख्य आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचता रहा।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब (आईपीएस) के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन महाराष्ट्र के नासिक में ट्रेस की। इसके बाद योजनाबद्ध कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया।
यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविंद जैन और उनकी टीम ने अंजाम दी। इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही रामपुर बटुरा फायरिंग कांड की जांच को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है तथा विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।



0 Comments