Ticker

6/recent/ticker-posts

कोतमा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कॉम्बिंग गश्त में 9 फरार वारंटी गिरफ्तार

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
अनूपपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और फरार आरोपियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से कोतमा पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक विक्रान्त मुराब के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे 9 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।

शुक्रवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कोतमा थाना पुलिस की अलग-अलग टीमों ने चिन्हित वारंटियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस की लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप 6 स्थायी वारंटी तथा 3 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 9 वारंट तामील किए गए।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार वारंटी विभिन्न आपराधिक मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे थे और न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं हो रहे थे। इनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम, मारपीट, जुआ एक्ट, आपदा प्रबंधन अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज थे।

कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।

इस सफल अभियान में थाना प्रभारी कोतमा रत्नाम्बर शुक्ल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में फरार वारंटियों और अपराधियों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून से बचकर फरार चल रहे आरोपियों और वारंटियों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ-साथ क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून का प्रभाव कायम रखना है।

पुलिस की इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


Post a Comment

0 Comments