रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
मदरसे के छात्र-छात्राओं ने दीनी सवालों के जवाब देकर दिखाई प्रतिभा, हाफिजों व मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
धनपुरी। ईद मिलादुन्नबी के मुबारक अवसर पर सदा-ए-मदीना कमेटी धनपुरी के तत्वावधान में मदरसे में अध्ययनरत तलबा (छात्र-छात्राओं) एवं बच्चों के लिए विशेष इस्लामी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में इस्लाम धर्म, दीनी तालीम एवं धार्मिक विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे से सवाल-जवाब करते हुए अपनी धार्मिक जानकारी, स्मरणशक्ति एवं प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को लेकर मदरसे के बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ दीनी सवालों के जवाब दिए। वहीं कुछ बच्चों ने धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ वर्तमान सामाजिक एवं समसामयिक परिस्थितियों पर भी अपने विचार व्यक्त किए, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम का आयोजन सदा-ए-मदीना कमेटी धनपुरी के अध्यक्ष मकसूद खान बाबा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम संयोजक एवं मदरसा संचालक मोहम्मद अशफाक लल्लू तथा कमेटी के सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में धनपुरी नगर के नागरिकों के अलावा अंजुमन कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग भी उपस्थित रहे।
विद्यार्थियों को उपहार देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम का शुभारंभ नमाज-ए-मगरिब के बाद हुआ, जो देर तक चला। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के समापन के पश्चात मदरसे के सभी छात्र-छात्राओं एवं तलबा को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसके साथ ही कुरआन-ए-पाक का हिफ्ज पूरा कर हाफिज बनने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
कक्षा 10वीं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी उनकी शैक्षणिक उपलब्धि के लिए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण हाजियों के हाथों कराया गया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को दीनी तालीम के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
गणमान्य नागरिकों ने की आयोजन की सराहना
कार्यक्रम में समाजसेवी राशिद खान, नूरी मस्जिद के सदर शाहनवाज अंसारी, मदीना जमा मस्जिद के सदर मोहम्मद फरीद सहित धनपुरी के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। धनपुरी नगर की विभिन्न मस्जिदों के पेश इमाम भी मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक मोहम्मद रफीक खान, राजू कलाम मोहम्मद, बुढ़ार के शौकत अली, नवाब मोहम्मद, हाफिज कलीम, तबरेज खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन कलाम मोहम्मद एडवोकेट ने किया, जबकि मौलाना अशफाक रिजवी ने दुआ कराई।
आयोजन में सहयोगियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में अशफाक सिद्दीकी, असलम मामा, मोजम खान, जुल्फिकार अली सहित कमेटी के अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में दीनी जानकारी के साथ आत्मविश्वास, मंच पर अपनी बात रखने की क्षमता और शिक्षा के प्रति रुचि विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंत में कार्यक्रम संयोजक मोहम्मद अशफाक लल्लू ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, नागरिकों, कमेटी सदस्यों एवं सहयोगियों का शुक्रिया अदा किया और आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।




0 Comments