Ticker

6/recent/ticker-posts

छात्रों की गूंज: पेपर लीक मुद्दे पर युवाओं से संवाद, राहुल गांधी के पुणे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल। जिला युवा कांग्रेस शहडोल द्वारा शनिवार, 22 अगस्त 2026 को होटल अमन पैलेस, शहडोल में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पेपर लीक सहित छात्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर युवाओं के साथ संवाद स्थापित करना और शिक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी चिंताओं एवं सुझावों को सामने लाना रहा।


कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुणे में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदर्शित किया गया। इसमें शिक्षा व्यवस्था, विद्यार्थियों के भविष्य, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर उनके विचारों को छात्रों ने गंभीरता से सुना। कार्यक्रम में शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक सशक्त, समावेशी और सार्थक बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

पेपर लीक के मुद्दे को लेकर आयोजित संवाद में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी चिंताओं एवं विचारों को साझा किया। वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता युवाओं के भविष्य से सीधे जुड़ा विषय है। ऐसे मुद्दों पर छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाना आवश्यक है।

कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्र सिंह मरावी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुपम गौतम, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अभिषेक शुक्ला, युवा कांग्रेस जिला महासचिव शेख आबिद, शेख साजिल, सोनू चौबे, नमो गर्ग एवं सुहैल आलम सहित बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से जिला युवा कांग्रेस ने छात्रों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने तथा युवाओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का संदेश दिया। छात्रों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को सार्थक और प्रभावशाली बना दिया।


Post a Comment

0 Comments