रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
भोपाल, 25 सितंबर। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूची, चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल में पत्रकार वार्ता में कहा कि पार्टी पिछले दो वर्षों से मतदाता अधिकार और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दे उठा रही है तथा अब इन्हें जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
पटवारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के दौरान मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हुए बदलावों को लेकर कांग्रेस लगातार सवाल उठा रही है। उनका कहना है कि ड्राफ्ट और अंतिम मतदाता सूची के बीच हटाए गए नामों, जोड़े गए मतदाताओं, स्थानांतरण, मृत्यु और डुप्लीकेट प्रविष्टियों का विधानसभा एवं बूथवार पूरा विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि प्रत्येक मतदाता अपने नाम की स्थिति और उसके कारण की जानकारी प्राप्त कर सके।
### 28 सितंबर को भोपाल, 29 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन
कांग्रेस ने घोषणा की कि सोमवार 28 सितंबर को भोपाल स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय का घेराव किया जाएगा, जबकि मंगलवार 29 सितंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर कलेक्टर कार्यालयों के सामने प्रदर्शन होगा।
### कांग्रेस की प्रमुख मांगें
* मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग।
* मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच।
* दोष सिद्ध होने पर एफआईआर और कानूनी कार्रवाई।
* हटाए गए वास्तविक मतदाताओं को नाम पुनः जुड़वाने का अवसर।
* चुनाव प्रक्रिया को पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए।
### बैलेट पेपर से स्थानीय चुनाव कराने की मांग
पत्रकार वार्ता में जीतू पटवारी ने आगामी पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव बैलेट पेपर से कराने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास सर्वोपरि है और ईवीएम, वीवीपैट तथा मतदाता सूची से जुड़े सभी सवालों का संस्थागत एवं तकनीकी स्तर पर पारदर्शी जवाब मिलना चाहिए।
पटवारी ने कहा कि कांग्रेस गांव-गांव और बूथ-बूथ जाकर मतदाता सूची का सत्यापन अभियान चलाएगी तथा जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटे हैं, उन्हें नियमानुसार शिकायत और अपील की प्रक्रिया में सहायता उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की लड़ाई मतदाता के संवैधानिक अधिकार, लोकतांत्रिक पारदर्शिता और निष्पक्ष निर्वाचन व्यवस्था के लिए है।


0 Comments