रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
कोतमा/भालूमाड़ा। एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र की जमुना कॉलोनी स्थित व्यस्त कोऑपरेटिव बाजार में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। डॉ. मजूमदार के क्लिनिक के सामने कचरे के ढेर में एक नवजात शिशु का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और घटना को लेकर गहरा दुख व आक्रोश व्यक्त किया।
सार्वजनिक स्थल पर मिला शव, लोगों में रोष
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार क्षेत्र में पड़े कचरे के बीच नवजात का शव दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर इस तरह शव मिलने से क्षेत्र में चर्चा और चिंता का माहौल बन गया। स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने की मांग उठाई है।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग
नागरिकों का कहना है कि बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां कब और किसने छोड़ा। लोगों ने दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, जांच जारी
भालूमाड़ा थाना प्रभारी राधिका भगत ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


0 Comments