Ticker

6/recent/ticker-posts

कलेक्टर ने जिला जेल का किया औचक निरीक्षण

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
कैदियों से रूबरू होकर अपराध, सजा और विधिक सहायता की ली जानकारी, व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश


शहडोल। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने आज जिला मुख्यालय स्थित जिला जेल का औचक निरीक्षण कर जेल में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जेल परिसर के विभिन्न कक्षों, औषधालय, पुस्तकालय, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम, किचन सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने औषधालय एवं पुस्तकालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने जेल अधीक्षक से बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार तथा दवाइयों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी ली। जेल अधीक्षक ने बताया कि प्रत्येक माह 10 दिवस डॉक्टर द्वारा जेल का भ्रमण कर बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। आवश्यकता के अनुसार स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। औषधालय में पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध होना भी बताया गया।

ऑनलाइन पेशी की व्यवस्था का लिया जायजा

कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम का निरीक्षण कर बंदियों की ऑनलाइन न्यायालयीन पेशी की व्यवस्था की जानकारी ली। जेल अधीक्षक ने बताया कि जिला जेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लिए 7 कक्ष बनाए गए हैं। निर्धारित पेशी तिथि पर बंदियों की ऑनलाइन न्यायालय में उपस्थिति दर्ज कराई जाती है।

किचन की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

कलेक्टर ने जेल अधीक्षक को जेल के किचन में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जेल परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, सीसीटीवी कैमरों को लगातार चालू रखने तथा चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने जेल में बंद कैदियों से सीधे संवाद कर उनके अपराध, सजा, प्रकरण की स्थिति एवं विधिक सहायता से संबंधित जानकारी प्राप्त की। साथ ही कैदियों द्वारा रखी गई सामग्रियों की जांच भी अपने समक्ष कराई। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने माफी रजिस्टर, ओपीडी रजिस्टर एवं बंदी हिस्ट्री टिकट रजिस्टर का भी अवलोकन किया।

चाय-नाश्ता और भोजन की भी ली जानकारी

कलेक्टर ने बंदियों से जेल में उपलब्ध कराए जाने वाले चाय, नाश्ता एवं भोजन के संबंध में सीधे जानकारी ली। बंदियों ने बताया कि निर्धारित मीनू के अनुसार उन्हें चाय, नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जाता है। प्रत्येक रविवार को विशेष भोज भी प्रदान किया जाता है।

कलेक्टर ने बंदियों से पेयजल, शौचालय, स्नानागार एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा जेल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार और गुणवत्ता बनाए रखी जाए।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, जेल अधीक्षक श्री भास्कर पांडे एवं जेलर श्री सुनील कुमार बैसवाड़े सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।








Post a Comment

0 Comments