रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने दी आवश्यक गाइडलाइन, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन में सहयोग की अपील
धनपुरी। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से धनपुरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ नगर के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में थाना प्रभारी विनय सिंह गहरवार ने गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सावधानियों और प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आयोजन समितियों एवं नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि धार्मिक उत्सव को आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव आस्था और सामाजिक एकता का पर्व है। सभी समुदायों के लोगों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए मिल-जुलकर त्योहार मनाना चाहिए। उन्होंने आयोजकों से शासन-प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित किसी भी स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए नागरिकों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि गणेश उत्सव के दौरान अनुशासन बनाए रखें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।
बैठक के दौरान उपस्थित नागरिकों ने भी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर धनपुरी थाना परिसर में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शांति समिति की बैठक में वरिष्ठ नागरिक मैथिलीशरण गुप्त, राम सिंह ,आजाद मोहम्मद, राशिद खान, मोहम्मद वसीम खान, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय शर्मा, पार्षद प्रवीण बाड़ोलिया, नौसेरमा खान, लाला भाई, इकबाल अहमद, पत्रकार अतीकुर रहमान,आशीष नामदेव,एसपी सिंह, मुजफ्फर खान, पार्षद नारायण गुप्ता सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


0 Comments