मिर्जा अफसार बेग
नगर परिषद बकहो में हुए भर्ती घोटाले एवं नगर पालिका परिषद धनपुरी में भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं को लेकर प्रभारी मुख्य नगरपालिका अधिकारी रविकरण त्रिपाठी सहित अन्य सभी दोषी लोंगो पर कड़ी कार्यवाही की मांग को लेकर बुढ़ार तहसील के सामने पिछले 5 दिनों से लगातार चल रहा आमरण अनशन आज जिला प्रशासन के ठोस आश्वासन के बाद स्थगित हो गया।
इस संबंध में पिछले 5 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे समाजसेवी एवं भाजपा नेता शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से आए प्रतिनिधी मंडल का प्रतिनिधित्व कर रहे अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा जी की ओर से हमारी सभी मांगो को जायज मानते हुए सभी मांगो पर ठोस कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है, उनके साथ एडिशनल एस.पी. मुकेश वैश्य जी भी उपस्थित थे। जिसके बाद उनके द्वारा 5 दिन से लगातार चल रहे आमरण अनशन को कुछ समय के लिए स्थगित करने का निर्णय लिया गया है। परन्तु यदि दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्यवाही नहीं हुई, तो हम पुन: अनशन करने के लिए बाध्य होंगे एवं इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
विदित है कि ठीक 1 दिन पहले भी जिला प्रशासन की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने धरना स्थल पहुंचकर पिछले 5 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हुए समाजसेवी एवं भाजपा नेता शैलेन्द्र श्रीवास्तव से मुलाकात की थी, परन्तु लंबी चली बात चीत के बाद भी कोई निर्णायक समाधान नहीं निकल पाया था, एवं श्री श्रीवास्तव ने अपना आमरण अनशन खत्म करने से साफ मना कर दिया था।
----------------------------------------
शुक्रवार को आमरण अनशन में आया नया मोड़ -
शुक्रवार को पिछले 5 दिनों से लगातार चल रहे आमरण अनशन में उस समय नया मोड़ आ गया जब बकहो, धनपुरी, बुढार सहित आस पास के क्षेत्रों के कुछ युवा जो लगातार कई वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहें हैं अचानक धरना स्थल पहुंचे एवं पिछले 5 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे शैलेन्द्र श्रीवास्तव के साथ उनके समर्थन में धरने में शामिल हो गए।
----------------------------------------
नेशन फर्स्ट की टीम लगातार धरना स्थल पर डटी रही -
पूरे आमरण अनशन में जहां विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों सहित क्षेत्र के समाजसेवी एव आम लोग समय समय पर धरना स्थल पहुंचे वहीं नेशन फर्स्ट सामाजिक संस्था की पूरी टीम लगातार दिन रात धरना स्थल पर डटी रही। नेशन फर्स्ट टीम के सदस्य अजय कुशवाहा, अमृत वर्मा, सुमंत सिंह, प्रमोद कहार, सूरज कहार सहित समाजसेवी नरोत्तम त्रिपाठी, अरविंद तिवारी एवं संजय सिंह परिहार लगातार दिन रात धरना स्थल पर ही रहे।




0 Comments