रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
सृजन कार्यक्रम से किशोरों में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का संचार
अनूपपुर। मध्यप्रदेश पुलिस की सामुदायिक पुलिस योजना के अंतर्गत “सृजन कार्यक्रम” का भव्य एवं उत्साहपूर्ण समापन थाना जैतहरी क्षेत्र स्थित सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम उप-पुलिस महानिरीक्षक विनीत कपूर के दिशा-निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोतिउर्रहमान के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नोडल सृजन कार्यक्रम अनूपपुर जगन्नाथ मरकाम के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
अतिथियों के स्वागत उपरांत सहभागी संस्था “हार्ड” के सुशील शर्मा ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसका मुख्य लक्ष्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों को सर्वांगीण विकास हेतु प्रेरित करना है। बच्चों को आत्मरक्षा कौशल, मानसिक एवं शारीरिक सुदृढ़ता, कानूनी साक्षरता, अधिकारों की जानकारी तथा कानून के प्रति जागरूक बनाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। साथ ही समुदाय और पुलिस के मध्य बेहतर संबंध स्थापित करना भी कार्यक्रम की प्राथमिकता रही।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को शिक्षा, जीवन कौशल, बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा तथा जेंडर संबंधी मुद्दों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विशेष स्वास्थ्य सत्र में बी.सी.एम. कोमल सिंह मार्को ने पोषण एवं स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्रमजीवी पत्रकार परिषद संभाग शहडोल के अध्यक्ष एवं जिला वॉलीबॉल संघ अध्यक्ष चैतन्य मिश्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि “सृजन का अर्थ रचना है, और जीवन में निरंतर सकारात्मक सृजन होता रहना चाहिए। आपने इस कार्यक्रम में जो सीखा है, उसे अपने जीवन में अपनाकर आगे बढ़ें, यही सच्ची सफलता है।”
सूबेदार अम्बरीष साहू एवं थाना प्रभारी अमरलाल यादव ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के व्यवस्थापक डॉ. पुष्पेंद्र नामदेव एवं प्रदीप गुप्ता ने भी प्रेरक संबोधन दिया।
सृजन मास्टर ट्रेनर एवं उपनिरीक्षक प्रभात मिश्रा ने बच्चों को प्राणायाम का अभ्यास कराते हुए उसके शारीरिक एवं मानसिक लाभों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में पुलिस विभाग द्वारा प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा विद्यालय की ओर से अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर नशा मुक्ति भारत अभियान एवं नेशनल ट्रेनर वॉलीबॉल स्टेट रेफरी श्री दिनेश कुमार सिंह चंदेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपक उरमलिया, व्यवस्थापक डॉ. पुष्पेंद्र नामदेव, आशीष पांडे, राज शुक्ला, अभिषेक पाठक, हिमांशु गुप्ता, रमेश जोगी सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।मोजर बेयर के सहायक प्रबंधक गौरव पाठक ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहने चाहिए, जिससे समाज में नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार हो। वरिष्ठ प्रबंधक आईटी महेश गौतम का भी कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग रहा। अंत में आभार प्रदर्शन आशीष पांडे द्वारा किया गया।


0 Comments