Ticker

6/recent/ticker-posts

कन्हैयालाल मिश्रा ने उठाई आवाज: होली–रमजान पर मिलावट का जाल, शहर-शहर नकली मिठाइयों का कारोबार

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

अनूपपुर। भारतीय गण वार्ता (भगवा) पार्टी के जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जिले में होली और रमजान के अवसर पर बढ़ती खाद्य मिलावट पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि रंगों और इबादत के पावन पर्व के दौरान बाजारों में नकली मावा, मिलावटी तेल, कृत्रिम रंगों से सजी मिठाइयाँ और संदिग्ध खजूर की खुलेआम बिक्री हो रही है, जो आमजन के स्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है।मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच केवल कागजी कार्रवाई बनकर रह गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग की निष्क्रियता के कारण मिलावटखोर बेखौफ होकर अपने अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं।


*खजूर में केमिकल और शुगर सिरप की मिलावट*

रमजान को देखते हुए बाजारों में बड़ी मात्रा में खजूर की बिक्री हो रही है। जानकारी मिली है कि कई दुकानों में खजूर को आकर्षक दिखाने के लिए शुगर सिरप और रासायनिक पदार्थों का उपयोग किया जा रहा है। ऐसे उत्पाद स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं।

*होली की गुजिया और मावा संदेह के घेरे में*

होली के प्रमुख व्यंजन गुजिया में उपयोग होने वाला मावा भी मिलावटी पाया जा रहा है। सिंथेटिक मावा, स्टार्च और रिफाइंड ऑयल से तैयार नकली मावा बाजार में धड़ल्ले से बिक रहा है। कई स्थानों पर पाम ऑयल को देसी घी के नाम पर बेचा जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक ऐसे मिलावटी उत्पादों का सेवन गंभीर बीमारियों को जन्म दे सकता है।

*रंगीन मिठाइयाँ और नकली तेल*

त्योहारों में आकर्षण बढ़ाने के लिए मिठाइयों में प्रतिबंधित रंगों का प्रयोग किया जा रहा है। वहीं सरसों और सोयाबीन तेल में पाम ऑयल की मिलावट कर खुलेआम बिक्री की जा रही है। उपभोक्ता असली और नकली के बीच अंतर नहीं कर पा रहे हैं।

*विभागीय कार्रवाई शून्य*

मिश्रा ने कहा कि अब तक जिले में न तो सघन जांच अभियान चलाया गया और न ही किसी बड़ी कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की गई है। बाजारों में खुलेआम मिलावट का खेल चल रहा है, जिससे आमजन में आक्रोश है।

नागरिकों से अपील

भगवा पार्टी जिला अध्यक्ष कन्हैयालाल मिश्रा ने प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों के मद्देनजर विशेष जांच अभियान चलाकर मिलावटखोरों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त कर दोषियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कदम उठाए जाएं।

साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रमाणित दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदें तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि त्योहारों की खुशियाँ सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में मनाई जा सके।


Post a Comment

0 Comments