Ticker

6/recent/ticker-posts

शिवपुरी में अधिवक्ता की हत्या पर प्रदेशभर में रोष, शहडोल में सौंपा गया ज्ञापन

 




रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

शहडोल। शिवपुरी जिले में एक अधिवक्ता की निर्मम हत्या की घटना से प्रदेशभर के वकीलों में तीव्र आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में शहडोल जिले के अधिवक्ताओं ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए जिला कलेक्टर कार्यालय शहडोल पहुंचकर कलेक्टर के माध्यम से शासन को ज्ञापन प्रेषित किया। उन्होंने घटना की कड़ी भर्त्सना करते हुए आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी और कठोर दंड की मांग उठाई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला न्यायालय परिसर में अधिवक्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। इसके उपरांत एक प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और राज्य शासन के नाम मांगपत्र सौंपा। अधिवक्ताओं का कहना था कि शिवपुरी की घटना ने पूरे विधि समुदाय को आहत किया है तथा यह कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

ज्ञापन में कहा गया कि यह वारदात केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि न्यायिक व्यवस्था की गरिमा को चुनौती देने जैसा कृत्य है। अधिवक्ताओं ने मामले की उच्चस्तरीय जांच, शीघ्र गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई तथा वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ठोस नीति लागू करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान न्यायालय परिसर एवं कलेक्टर कार्यालय के बाहर नारेबाजी भी की गई। प्रशासन की ओर से प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया गया कि उनकी मांगें शासन स्तर तक पहुंचाई जाएंगी और प्रकरण में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस विरोध कार्यक्रम में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राकेश सिंह बघेल, उपाध्यक्ष सतीश कुमार पाठक, सचिव अनिल कुमार तिवारी, सह सचिव राकेश गोले, कोषाध्यक्ष गगन कुमार वर्मा सहित कार्यकारिणी सदस्य राकेश जायसवाल, पुरुषोत्तम गुप्ता, देवेश मिश्रा, पुष्पेंद्र सिंह, ज्ञानेंद्र मिश्रा, प्रकाश त्रिपाठी, बदल सोनी, अंकित मिश्रा, ब्रजेश सिंह, शेखर खान, दीपक केवट, राहुल नामदेव, राजू यादव, शिवम त्रिपाठी समेत सैकड़ों अधिवक्ता उपस्थित रहे।





Post a Comment

0 Comments