Ticker

6/recent/ticker-posts

एसपी के तबादले के बाद बदरा क्षेत्र में फिर गूंजने लगी जुए की फड़ की चर्चाएं, जंगलों में देर रात तक संदिग्ध गतिविधियों से ग्रामीण चिंतित

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

अनूपपुर। जिले में पुलिस अधीक्षक स्तर पर हुए प्रशासनिक बदलाव के बाद भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के बदरा इलाके में अवैध जुए के कारोबार के दोबारा सक्रिय होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। लंबे समय से शांत पड़े बताए जा रहे इस कथित नेटवर्क के फिर से सिर उठाने की खबरों ने स्थानीय नागरिकों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक जंगल से लगे कुछ इलाकों में देर रात तक संदिग्ध गतिविधियां देखी जा रही हैं। चर्चा है कि पुराने नेटवर्क से जुड़े कुछ कथित संचालक दोबारा सक्रिय हो गए हैं और सुनसान क्षेत्रों में जुए की फड़ सजाई जा रही है, जहां बड़े दांव लगाए जाने की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि इन दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन क्षेत्र में लगातार उठ रही चर्चाओं ने माहौल को गरमा दिया है।

बताया जा रहा है कि पूर्व पुलिस अधीक्षक के कार्यकाल में अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई के चलते जुए का यह कथित कारोबार लगभग शांत पड़ गया था, लेकिन प्रशासनिक फेरबदल के बीच कुछ असामाजिक तत्वों ने फिर से अपने नेटवर्क को खड़ा करने की कोशिश शुरू कर दी है। जंगल क्षेत्र में देर रात वाहनों की आवाजाही और संदिग्ध लोगों की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में असहजता बढ़ती जा रही है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियां केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती नहीं बनतीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को भी प्रभावित करती हैं। ग्रामीणों के अनुसार जुए की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं को गलत संगत और अपराध की ओर धकेल सकती है, जिससे सामाजिक वातावरण बिगड़ने की आशंका बनी रहती है।

हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन लोगों ने मांग की है कि बदरा क्षेत्र और आसपास के जंगल इलाकों में सघन गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। नागरिकों का मानना है कि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियां फिर से पैर पसार सकती हैं।

Post a Comment

0 Comments