Ticker

6/recent/ticker-posts

रामनगर पुलिस का ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ : सवा करोड़ के गांजे संग तस्कर गिरफ्तार, नई किआ सोनेट बनी सबूत

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
अनूपपुर/रामनगर अनूपपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रामनगर पुलिस ने ऐसी ऐतिहासिक कार्रवाई की है, जिसकी चर्चा पूरे संभाग में हो रही है। थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में घेराबंदी कर करोड़ों रुपये के गांजे की खेप पकड़ते हुए तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। इस कार्रवाई में करीब 1 करोड़ 12 लाख 87 हजार रुपये मूल्य का गांजा, नई चमचमाती किआ सोनेट कार और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को थाना प्रभारी सुमित कौशिक को मुखबिर से सूचना मिली कि छत्तीसगढ़ के मरवाही क्षेत्र से एक सफेद रंग की किआ सोनेट कार में भारी मात्रा में गांजा भरकर शहडोल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने बिना देर किए विशेष टीम गठित कर ग्राम फुलवारीटोला मार्ग पर घेराबंदी कर दी।

कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन पुलिस को दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही तस्करों ने भागने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद एक आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमित मिश्रा उर्फ बेटू (23 वर्ष), निवासी शांतिनगर अनूपपुर को धर दबोचा।

जब पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली तो कार के भीतर छिपाकर रखा गया 225.740 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। नारकोटिक विंग इंदौर के अनुसार इसकी बाजार कीमत सवा करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 10 लाख रुपये कीमत की नई किआ सोनेट कार और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं।

पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि तस्करी में इस्तेमाल की गई कार महज 18 दिन पहले यानी 29 अप्रैल को खरीदी गई थी। तस्करों को उम्मीद थी कि नई गाड़ी होने के कारण किसी को शक नहीं होगा, लेकिन थाना प्रभारी सुमित कौशिक की सतर्कता और मजबूत खुफिया तंत्र के आगे उनकी सारी चालें नाकाम हो गईं।

आरोपी के खिलाफ थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 126/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। वहीं पुलिस फरार आरोपी और पूरे तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।

इस बड़ी कार्रवाई में एएसआई विनोद नाहर, संतोष पट्टा, उमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक सनत द्विवेदी, अमित पटेल, राहुल प्रजापति तथा आरक्षक अनुराग भार्गव, मूरत सिंह और मदगेन्द्र पटेल की भूमिका भी सराहनीय रही।

रामनगर पुलिस की इस कार्रवाई ने नशा तस्करों में खौफ पैदा कर दिया है, वहीं आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।


Post a Comment

0 Comments