रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
*भीषण गर्मी के चलते बदला गया समय, कुर्बानी के लिए मस्जिद कमेटी ने जारी की अपील*
धनपुरीईद उल अजहा (बकरा ईद) के पावन अवसर पर धनपुरी स्थित नूरी मस्जिद ग्राउंड में ईद की नमाज सुबह 7:30 बजे अदा की जाएगी। नूरी मस्जिद कमेटी, धनपुरी बाजार मोहल्ला के सदर शाहनवाज अंसारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष अत्यधिक गर्मी को देखते हुए नमाज का समय सुबह रखा गया है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि नमाज निर्धारित समय पर ही शुरू कर दी जाएगी और किसी का इंतजार नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी लोगों से अपील की गई है कि वे समय से पहले नमाज स्थल पर पहुंच जाएं। ईदगाह एवं मस्जिद परिसर में साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, जिससे नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
शाहनवाज अंसारी ने बताया कि ईद उल अजहा इस्लाम धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जो त्याग, बलिदान और इंसानियत का संदेश देता है। नमाज के बाद घर-घर कुर्बानी का सिलसिला शुरू होगा, जो आगामी तीन दिनों तक जारी रहेगा। कुर्बानी को लेकर मस्जिद कमेटी द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
कमेटी की ओर से कुर्बानी करवाने वाले लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे पहले से मस्जिद कमेटी के पास अपना नाम एवं मोबाइल नंबर दर्ज करा दें, ताकि कुर्बानी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या अव्यवस्था उत्पन्न न हो। इससे समय अनुसार लोगों तक जानकारी पहुंचाई जा सकेगी और व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित होंगी।
सदर शाहनवाज अंसारी ने यह भी बताया कि इमाम साहब लगातार तीन दिनों तक मस्जिद में उपलब्ध रहेंगे और कुर्बानी से संबंधित धार्मिक प्रक्रिया में लोगों का मार्गदर्शन करेंगे। जरूरत पड़ने पर लोग मोबाइल के माध्यम से भी संपर्क कर सकेंगे।
मस्जिद कमेटी ने सभी लोगों से भाईचारा, शांति एवं स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। साथ ही प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध भी किया गया है।


0 Comments