Ticker

6/recent/ticker-posts

धूल, बदहाल सड़कों और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का उग्र चक्काजाम

 




रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग 

*जनआक्रोश के आगे झुका प्रबंधन, सड़क निर्माण से रोजगार तक मांगे मानने का आश्वासन*


धनपुरी। नगर की बदहाल सड़कों, बेरोजगारी और एसईसीएल रेलवे साइडिंग से प्रतिदिन निकलने वाले भारी वाहनों के कारण उड़ रही धूल-डस्ट से त्रस्त आमजन की पीड़ा आखिरकार शुक्रवार को जनआंदोलन में तब्दील हो गई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में मंडलम कांग्रेस कमेटी अमलाई के कांग्रेसजनों ने धनपुरी नगर में जोरदार चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलन इतना प्रभावी और जनसमर्थन से परिपूर्ण रहा कि एसईसीएल प्रबंधन को स्वयं धरना स्थल पर आकर प्रदर्शनकारियों की मांगों के समक्ष झुकना पड़ा।


नगर की सड़कों की स्थिति लंबे समय से अत्यंत दयनीय बनी हुई है। रेलवे साइडिंग से प्रतिदिन सैकड़ों ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही ने सड़कों को पूरी तरह छलनी कर दिया है। जगह-जगह गड्ढों और उड़ती धूल ने आम नागरिकों का जीवन दूभर कर रखा है। धूल के गुबार से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार पत्राचार, ज्ञापन और चेतावनी दिए जाने के बावजूद एसईसीएल प्रबंधन ने समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई गंभीर पहल नहीं की।

इसी उपेक्षा के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया। आंदोलन के दौरान कांग्रेसजनों ने प्रशासन और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन स्थल पर जनआक्रोश साफ दिखाई दे रहा था और नगरवासी बड़ी संख्या में आंदोलन के समर्थन में उपस्थित रहे।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार, नायब तहसीलदार, थाना प्रभारी अमलाई तथा बुढ़ार ग्रुप के उपक्षेत्रीय महाप्रबंधक मौके पर पहुंचे। आंदोलन के दौरान एसईसीएल के महाप्रबंधक ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अंकित सिंह से दूरभाष पर चर्चा कर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद उपक्षेत्रीय महाप्रबंधक स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और मंच से माइक पर सार्वजनिक रूप से आंदोलनकारियों की मांगों को स्वीकार करते हुए जल्द निराकरण का आश्वासन दिया।

प्रबंधन की ओर से बताया गया कि क्षतिग्रस्त सड़कों के निर्माण के लिए लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की बात भी कही गई। धूल नियंत्रण के लिए पानी के छिड़काव में वृद्धि करने तथा अमलाई फाटक तक नियमित सिंचाई कराने का आश्वासन दिया गया। बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों के मामले में भी निष्पक्ष कार्रवाई और त्वरित समाधान की बात कही गई।

धरना स्थल पर जब प्रबंधन ने सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार किया तो आंदोलनकारियों और नगरवासियों ने इसे जनता की एकता और संघर्ष की विजय बताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल राजनीतिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि आमजन की पीड़ा और अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय-सीमा में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और अधिक व्यापक रूप लेगा।

आंदोलन का संचालन अमलाई कांग्रेस मंडलम अध्यक्ष ओंकार सिंह ने किया। पूरे कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। मंच से वक्ताओं ने कहा कि जनता अब उपेक्षा और प्रशासनिक उदासीनता सहन करने को तैयार नहीं है। नगरवासियों के स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर रामसजीवन शर्मा, मुबारक मास्टर, राम सिंह, आनंद मोहन जायसवाल, मोहम्मद आज़ाद, संतोष सिंह सेंगर, ईबरार खान, शोभाराम पटेल, पार्षद नईम खान, रामेश्वर गौतम, इंद्र कुमार मिश्रा, बकहो नगर अध्यक्ष जवाहर राव, धनपुरी मंडलम अध्यक्ष अनिल जायसवाल, नीलम सिंह, नेहा खान, नीलम शुक्ला, सुजाता बैरागी, आदिवासी नेता विमल सिंह, चम्पा केवट, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश सचिव प्रदीप रावत, युवा कांग्रेस नेता विक्की पटेल, आरिफ अफरीदी, निक्की तिवारी,चिंटू विश्वकर्मा आदिल खान, शिवम सिंह, संदीप कुशवाहा, रवि सिंह सेंगर, अखंड प्रताप सिंह, मोहसिन खान, रविकांत शर्मा, निजाम खान, मोहम्मद रियाज, विकास कुमार, फैज खान, अनिकेत पनिका, जुहैब खान, राशिब, संजीव कोल, संदीप कोल, अब्दुल फरीद, संदीप, राकेश, राहुल पनिका तथा वसीम खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नगरवासी उपस्थित रहे।

धनपुरी में हुए इस आंदोलन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि जब जनता अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठाती है, तो बड़े से बड़ा तंत्र भी झुकने को विवश हो जाता है। नगरवासियों को अब उम्मीद है कि वर्षों से उपेक्षित उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र होगा और धनपुरी की सड़कों पर फिर से विकास की रफ्तार दिखाई देगी।


Post a Comment

0 Comments