Ticker

6/recent/ticker-posts

तेज रफ्तार हाइवा ने छीनी युवक की जिंदगी, सड़क पर फूटा जनाक्रोश; घंटों रहा चक्काजाम

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
शहडोल/अनूपपुर। अनूपपुर जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेम्हौरी बस स्टैंड के समीप मंगलवार को कोयला परिवहन में लगी एक तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार 20 वर्षीय युवक राजेंद्र कोल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया तथा एसईसीएल अधिकारियों को तत्काल मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा क्रमांक CG 10 BL 9095 दामिनी कोल माइंस से कोयला लेकर संगमा कोल साइडिंग की ओर जा रही थी। इसी दौरान बेम्हौरी स्थित हनुमान मंदिर के सामने बाइक सवार राजेंद्र कोल उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद शव हाइवा के नीचे फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि क्षेत्र में कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहन लगातार तेज रफ्तार और लापरवाही से संचालित किए जा रहे हैं, जिसके कारण आए दिन गंभीर सड़क हादसे हो रहे हैं। बावजूद इसके, सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने एसईसीएल के महाप्रबंधक एवं उपक्षेत्रीय प्रबंधक को मौके पर बुलाने, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, दोषी चालक एवं संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की गति पर सख्त नियंत्रण सुनिश्चित करने की मांग की।

मौके पर पहुंचे प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से लगातार चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। कई घंटे तक चले चक्काजाम के बाद स्थिति सामान्य हुई। इसके पश्चात पुलिस ने शव को हाइवा के नीचे से निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित नहीं कराया गया, तो भविष्य में भी ऐसे हादसे होते रहेंगे। उन्होंने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा क्षेत्र में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है।


Post a Comment

0 Comments