Ticker

6/recent/ticker-posts

रक्षाबंधन पर जिला जेल में बहनें बांध सकेंगी राखी

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
28 अगस्त को सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक होगी खुली मुलाकात, जेल प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश

अनूपपुर। भाई-बहन के पवित्र प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन इस बार जिला जेल अनूपपुर में भी भावनात्मक माहौल के बीच मनाया जाएगा। रक्षाबंधन के अवसर पर जेल में निरुद्ध बंदियों से उनके भाई-बहनों और परिजनों की खुली मुलाकात कराई जाएगी। इसके लिए 28 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

जिला जेल के उप जेल अधीक्षक इन्द्रदेव तिवारी ने बताया कि निर्धारित समयावधि में बंदियों से मुलाकात के लिए आने वाले परिजनों के नाम दर्ज किए जाएंगे। दोपहर 2 बजे के बाद मुलाकात के लिए किए जाने वाले अनुरोध स्वीकार नहीं किए जाएंगे। जेल प्रशासन ने परिजनों से निर्धारित समय का विशेष रूप से पालन करने की अपील की है।

जेल कैंटीन से ही मिलेंगी रक्षाबंधन की सामग्री

जेल की सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मुलाकात के दौरान बाहरी सामग्री लाने पर प्रतिबंध लगाया है। बहनों और अन्य परिजनों से स्पष्ट रूप से कहा गया है कि वे रुपये-पैसे, मोबाइल फोन, मादक पदार्थ अथवा किसी भी प्रकार की बाहरी सामग्री जेल परिसर में लेकर न आएं।

रक्षाबंधन के लिए आवश्यक सामग्री जेल कैंटीन से निर्धारित राशि का भुगतान कर प्राप्त की जा सकेगी। इनमें राखी, अधिकतम 250 ग्राम मिठाई, कुमकुम, फल और रुमाल शामिल हैं। जेल प्रशासन द्वारा तय व्यवस्था के अनुसार ही यह सामग्री बंदियों तक पहुंचाई जा सकेगी।

नियमों का पालन करना होगा अनिवार्य

जेल प्रशासन ने कहा है कि रक्षाबंधन के अवसर पर मुलाकात के दौरान सुरक्षा और अनुशासन का पूरा ध्यान रखा जाएगा। किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री लाने, नियमों का उल्लंघन करने अथवा मुलाकात व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति को मुलाकात से वंचित किया जा सकता है।

रक्षाबंधन के इस अवसर पर जेल प्रशासन ने परिजनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, ताकि बंदी अपने भाई-बहनों के साथ शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में रक्षाबंधन का पर्व मना सकें।


Post a Comment

0 Comments