Ticker

6/recent/ticker-posts

रेलवे मजदूर कांग्रेस ने डीआरएम का किया स्वागत

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
सामुदायिक भवन निर्माण सहित रेल कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण की मांग

अनूपपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एसईसीआर) बिलासपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राकेश रंजन के अनूपपुर आगमन पर रेलवे मजदूर कांग्रेस, शाखा अनूपपुर द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान संगठन ने रेल कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर डीआरएम को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की।

रेलवे मजदूर कांग्रेस बिलासपुर के जोनल कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण राव के नेतृत्व में शाखा अनूपपुर के उपाध्यक्ष रामदास राठौर, कोषाध्यक्ष सदाशिव पाण्डेय, प्रणोद गौर, जुगल किशोर राठौर एवं यूथ विंग सचिव किशन द्विवेदी ने डीआरएम से मुलाकात कर कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा। संगठन की ओर से दिनांक 21 अगस्त 2026 को मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

आठ वर्षों से लंबित है सामुदायिक भवन का मामला

ज्ञापन में अनूपपुर में रेलवे सामुदायिक भवन के निर्माण की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। मजदूर कांग्रेस ने बताया कि सामुदायिक भवन का मामला करीब आठ वर्षों से लंबित है। वर्ष 2018 में कार्मिक एवं इंजीनियरिंग विभाग द्वारा संयुक्त सर्वे कर भवन निर्माण के लिए स्थल का चयन किया गया था तथा बजट तैयार कर मंडल रेल प्रशासन को भेजा गया था। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।

संगठन ने मांग की कि आगामी बजट सत्र में प्रावधान कर अनूपपुर रेलवे सामुदायिक भवन का निर्माण शीघ्र कराया जाए, ताकि रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए सुविधा मिल सके।

कंडम रेलवे आवासों के स्थान पर नए आवास बनाने की मांग

मजदूर कांग्रेस ने अनूपपुर, अमलाई, बुढ़ार एवं कोतमा क्षेत्र में करीब 50 रेलवे आवासों के जर्जर एवं अनुपयोगी घोषित होने का मुद्दा भी उठाया। संगठन के अनुसार कई आवासों की छतें बरसात में टपकती हैं तथा दीवारों में दरारें आ चुकी हैं, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।

संगठन ने मांग की कि अनुपयोगी घोषित पुराने रेलवे आवासों के स्थान पर डबल स्टोरी एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए रेलवे क्वार्टरों का निर्माण कराया जाए।

इलेक्ट्रिक विभाग में स्टाफ की कमी दूर करने की मांग

ज्ञापन में अनूपपुर इलेक्ट्रिक विभाग में कर्मचारियों की भारी कमी को भी गंभीर समस्या बताया गया। संगठन के अनुसार विभाग का कार्यक्षेत्र अनूपपुर से लेकर छुलहा, जैतहरी, मोहारी, धूरवासीन, हरद और कोतमा तक विस्तृत है, लेकिन फेलियर एवं मेंटेनेंस कार्यों के लिए पर्याप्त संख्या में स्टाफ उपलब्ध नहीं है।

मजदूर कांग्रेस ने मांग की कि विभाग में रिक्त पदों पर शीघ्र नई पदस्थापना कर कर्मचारियों की कमी दूर की जाए, जिससे विद्युत व्यवस्था से जुड़े रखरखाव एवं फेलियर संबंधी कार्यों को समय पर पूरा किया जा सके।

न्यू शिवम कॉलोनी में पानी और सुरक्षा का मुद्दा

रेलवे मजदूर कांग्रेस ने न्यू शिवम कॉलोनी में पेयजल संकट का मुद्दा भी डीआरएम के समक्ष रखा। संगठन ने कॉलोनी में नया बोरवेल कराकर पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।

इसके साथ ही कॉलोनी के सामने बनी बाउंड्रीवॉल की ऊंचाई कम होने के कारण बाहरी लोगों की आवाजाही और सुरक्षा संबंधी समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया गया। मजदूर कांग्रेस ने बाउंड्रीवॉल की ऊंचाई बढ़ाकर कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

रेलवे मजदूर कांग्रेस ने उम्मीद जताई कि डीआरएम राकेश रंजन कर्मचारियों से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे और लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण कराया जाएगा।


Post a Comment

0 Comments