Ticker

6/recent/ticker-posts

अनूपपुर जंक्शन की यात्री सुविधाओं और रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर जिला विकास मंच ने सौंपा ज्ञापन

 


रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
रेल मंडल प्रबंधक राकेश रंजन ने मांगों को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर पर शीघ्र कार्रवाई का दिया आश्वासन

अनूपपुर। अनूपपुर जंक्शन को यात्री सुविधाओं की दृष्टि से और अधिक सुदृढ़ एवं विकसित किए जाने की मांग को लेकर जिला विकास मंच अनूपपुर के नेतृत्व में बिलासपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन को विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। शहडोल से सड़क मार्ग द्वारा अनूपपुर पहुंचे मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन अनूपपुर जंक्शन का निरीक्षण किया तथा जिला विकास मंच के संयोजक वासुदेव चटर्जी एडवोकेट, पत्रकार चैतन्य मिश्रा एवं अरविंद बियानी से सौजन्य भेंट कर स्टेशन की सुविधाओं और रेल सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर लगभग एक घंटे तक विस्तार से चर्चा की।

चर्चा के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए जिला विकास मंच द्वारा उठाई गई मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अपने अधिकार क्षेत्र से संबंधित मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा जिन मांगों के लिए रेलवे बोर्ड अथवा उच्च स्तर पर प्रस्ताव भेजना आवश्यक है, उन्हें भी संबंधित स्तर तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के द्वितीय चरण में अनूपपुर जंक्शन पर प्रस्तावित कार्यों के संबंध में भी जानकारी साझा की।

यात्री सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर

जिला विकास मंच के संयोजक वासुदेव चटर्जी एडवोकेट ने ज्ञापन में कहा कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर जोन के सीआईसी सेक्शन में यात्री सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। अनूपपुर अंचल से प्रतिदिन लगभग 5,000 यात्रियों का आवागमन विभिन्न दिशाओं में होता है। इनमें बड़ी संख्या वरिष्ठ नागरिकों की होती है। ऐसे में जनहित एवं लोकहित को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर आधुनिक एवं सुविधाजनक यात्री सेवाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है।

ज्ञापन में अमृत भारत स्टेशन योजना के द्वितीय चरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने, प्लेटफॉर्म क्रमांक 3 एवं 4 की ऊंचाई बढ़ाने, शेड का विस्तार करने तथा शेड सहित प्लेटफॉर्म क्रमांक 5 का निर्माण कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही स्टेशन की विपरीत दिशा में यात्रियों के बाहर निकलने के लिए एक्जिट गेट, वाहन पार्किंग एवं टिकट काउंटर विकसित करने का भी सुझाव दिया गया।

अनूपपुर की पहचान और अमरकंटक की धार्मिक एवं पर्यटन महत्ता को देखते हुए स्टेशन के प्रमुख स्थानों पर अमरकंटक के प्रसिद्ध दर्शनीय स्थलों के आकर्षक छायाचित्र लगाने तथा स्टेशन के दोनों दिशाओं में बाहर की ओर ट्रेनों के आवागमन की जानकारी देने वाले बड़े हिंदी एवं अंग्रेजी ग्लो-साइन बोर्ड लगाए जाने की मांग भी रखी गई।

टर्मिनल विस्तार योजना में अनूपपुर को शामिल करने की मांग

जिला विकास मंच ने रेलवे की टर्मिनल विस्तार योजना-2030 में अनूपपुर को शामिल करने के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजने की मांग की। साथ ही समीपस्थ छुल्हा एवं प्रस्तावित मेडियारास स्टेशन में ट्रेनों के वाशिंग टर्मिनल के निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया गया।

मंच ने कहा कि बिलासपुर, कटनी, अंबिकापुर और चिरमिरी की ओर जाने वाली रेल सेवाओं के बीच अनूपपुर एक महत्वपूर्ण जंक्शन है। यहां से विभिन्न दिशाओं में लोकल ट्रेनों का संचालन बढ़ाए जाने से यात्रियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होगा।

बंद फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट और अन्य सुविधाओं की मांग

ज्ञापन में स्टेशन पर क्लॉक रूम की सुविधा शुरू करने तथा प्लेटफॉर्म क्रमांक 1 को प्लेटफॉर्म 3 एवं 4 से जोड़ने वाले फुट ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई। यह फुट ओवरब्रिज वर्ष 2022 से बंद होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व से प्रस्तावित सीढ़ियों पर लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

इसके अलावा निर्माणाधीन बी.के.-61 रोड ओवरब्रिज का कार्य शीघ्र एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर आवागमन प्रारंभ कराने, चंदास नदी पर स्थित रेलवे पुल में नागरिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक लोहे के गर्डर लगाने तथा बरसात के दौरान पुल के नीचे होने वाले जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की गई। पुल के नीचे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए हाईमास्ट लाइट लगाए जाने का भी सुझाव दिया गया।

पीआरएस सेंटर एवं दिव्यांग-वृद्ध यात्रियों के लिए सुविधाएं

मंच ने अनूपपुर में पूर्व की भांति रेलवे रिजर्वेशन की समय-सारणी निर्धारित करने, राजेंद्रग्राम (पुष्पराजगढ़) में नया पीआरएस सेंटर स्थापित करने तथा अमरकंटक में बंद पड़े पीआरएस सेंटर को पुनः प्रारंभ करने की मांग की।

वृद्धजनों एवं दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए सभी प्लेटफॉर्म पर व्हीलचेयर, बैटरी चालित वाहन तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। इसके अलावा अंबिकापुर में निर्माणाधीन वाशिंग पिट का कार्य शीघ्र पूरा कराने और स्टेशन के दोनों दिशाओं में सुलभ कॉम्प्लेक्स (पे-एंड-यूज) का निर्माण कराने की मांग की गई।

रेल सेवाओं के विस्तार और बंद ट्रेनों को पुनः शुरू करने की मांग

ज्ञापन में अंचल की महत्वपूर्ण रेल सेवाओं के विस्तार और बंद ट्रेनों को पुनः प्रारंभ करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

कोरोना काल से पहले नियमित रूप से सप्ताह के सातों दिन चलने वाली चिरमिरी-रीवा ट्रेन वर्तमान में सप्ताह में केवल तीन दिन संचालित हो रही है। इसे पुनः पूर्व की भांति प्रतिदिन चलाने की मांग की गई।

इसी तरह कोरोना काल में बंद की गई दुर्ग-फिरोजपुर एवं बिलासपुर-बीकानेर साप्ताहिक ट्रेनों को पुनः प्रारंभ करने का आग्रह किया गया। इसके साथ ही बिलासपुर-चेन्नई साप्ताहिक ट्रेन का विस्तार अंबिकापुर तक, अंबिकापुर से मुंबई के बीच साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन, पुरी-बालसाड़ ट्रेन का विस्तार बोरीवली तक कर सप्ताह में दो दिन संचालन, रीवा-बिलासपुर ट्रेन का विस्तार दुर्ग तक तथा अंबिकापुर-रायपुर के बीच दैनिक नियमित इंटरसिटी ट्रेन प्रारंभ करने की मांग रखी गई।

मांगों पर गंभीरता से विचार का आश्वासन

जिला विकास मंच द्वारा प्रस्तुत मांगों पर बिलासपुर रेल मंडल प्रबंधक राकेश रंजन ने गंभीरता से विचार करते हुए कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता है। उन्होंने अपने स्तर से पूरी की जा सकने वाली मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा रेलवे बोर्ड एवं संबंधित उच्च अधिकारियों के स्तर से निर्णय अपेक्षित मांगों के लिए प्रस्ताव भेजने की बात कही।

जिला विकास मंच ने उम्मीद जताई कि मंडल रेल प्रबंधक के सकारात्मक रुख के बाद अनूपपुर जंक्शन के विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्र की रेल सेवाओं में सुधार की दिशा में शीघ्र ठोस पहल देखने को मिलेगी।


Post a Comment

0 Comments