रिपोर्ट @मिर्जा अफसार बेग
भालूमाड़ा (अनूपपुर)। थाना भालूमाड़ा क्षेत्र में बढ़ती पशु तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब, मेडिकल नशे और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरोध में जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मानवेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में युवाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
“घंटा बजाओ, थाना प्रभारी जगाओ” अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर के सामने घंटा बजाकर पुलिस प्रशासन का ध्यान क्षेत्र की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की ओर आकर्षित किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार बढ़ रही अवैध गतिविधियाँ युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं।
मानवेंद्र मिश्रा ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और जनहित की रक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पशु तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध शराब, मेडिकल नशे और चोरी जैसी घटनाओं पर कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के पश्चात कार्यकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), कोतमा के नाम ज्ञापन सौंपते हुए थाना क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी सुदृढ़ करने तथा अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। साथ ही सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखने की भी मांग उठाई गई।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस महासचिव चंदन सिंह, पसान मंडलम कांग्रेस अध्यक्ष संजय सिंह, पंकज पांडे, अमित सिंह, अरविंद मिश्रा, रोहन सिंह, ऋषभ, हेमंत, चंद्रबहादुर, सलीम, अनीत, दुर्गेश, मनु तिवारी, लवकुश, ओम मिश्रा, आरिफ, प्रिंस, देवेंद्र, प्रीतम सिंह, विजेंद्र सिंह, मौसिन खान, कुलदीप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


0 Comments